24.4 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

US Open: सिनर ने चौकाने वाला मैच जीतकर बनाई जगह, गॉफ और ओसाका होंगी चौथे दौर में आमने-सामने

न्यूयॉर्क: भारत के युकी भांबरी और न्यूजीलैंड के उनके जोड़ीदार माइकल वीनस ने अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में मार्कोस गिरोन और लर्नर टिएन की अमेरिकी जोड़ी को करारी शिकस्त देकर अगले दौर में जगह बनाई। वहीं, रोहन बोपन्ना और अर्जुन काधे अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए। पुरुष एकल में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर ने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा और दर्शकों को याद दिलाया कि वह कोई मशीन नहीं हैं। महिला एकल में कोको गॉफ और नाओमी ओसाका ने जीत के साथ चौथे दौर में प्रवेश किया, जहां दोनों के बीच आमना-सामना होगा।

भांबरी और वीनस की 14वीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 6-0, 6-3 से जीत हासिल की। उन्होंने अपनी विरोधी टीम को किसी भी समय वापसी का मौका नहीं दिया और मैच में सिर्फ तीन गेम गंवाए। भांबरी और वीनस ने पहले सेट में एक भी गेम नहीं गंवाया और दूसरे सेट में भी अपनी लय बरकरार रखा। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों की सर्विस जल्दी ही तोड़ दी और आसानी से मैच अपने नाम किया।

भारत के स्टार खिलाड़ी बोपन्ना और मोनाको के उनके जोड़ीदार रोमेन अर्नेडो शनिवार की रात को खेले गए मैच में रॉबर्ट कैश और जेम्स ट्रेसी की अमेरिकी जोड़ी से मात्र एक घंटे पांच मिनट में 4-6, 3-6 से हार गए। कैश और ट्रेसी ने शानदार प्रदर्शन किया और ब्रेक प्वाइंट को प्रभावी ढंग से भुनाया। इस बीच अमेरिकी ओपन में पदार्पण कर रहे काधे और उनके जोड़ीदार डिएगो हिडाल्गो का मुकाबला मैट पैविक और मार्सेलो अरेवालो की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी से था। काधे और हिडाल्गो ने पहला सेट जीतकर दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी को थोड़ा परेशान किया, लेकिन आखिर में 7-5, 6-7(4), 4-6 से हार गए।

मौजूदा चैंपियन यानिक सिनर ने दुनिया के 27वें नंबर के डेनिस शापोवालोव को 5-7, 6-4, 6-3, 6-3 से हराकर अमेरिकी ओपन के चौथे दौर में जगह बनाई। मैच के बाद सिनर ने कहा, “मैं कोई मशीन नहीं हूं और आप सब यह जानते हैं। मुझे भी कभी-कभी संघर्ष करना पड़ता है। मुझ पर भी दबाव होना स्वाभाविक है। आपको मैच के अनुसार सामंजस्य बिठाना पड़ता है।” इटली के इस खिलाड़ी ने हार्डकोर्ट पर अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखा। क्वार्टर फाइनल में उनका सामना अमेरिका के 14वें नंबर के टॉमी पॉल या कजाकिस्तान के 23वें नंबर के अलेक्जेंडर बुब्लिक से होगा। इस जीत के साथ सिनर ने हार्डकोर्ट ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में अपने अजेय अभियान को 24 मैचों तक बढ़ा दिया है, जिसमें 2024 का अमेरिकी ओपन और 2024 व 2025 के ऑस्ट्रेलियाई ओपन खिताब शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने जुलाई में ग्रास कोर्ट पर विंबलडन में भी ट्रॉफी जीती थी।

ओसाका और गॉफ अगले दौर के मुकाबले में आमने-सामने होंगी। पूर्व चैंपियनों के बीच इससे पहले अमेरिकी ओपन में 2019 में मुकाबला हुआ था। ओसाका तब मौजूदा चैंपियन थी और उन्होंने 15 साल की गॉफ को सीधे सेटों में हरा दिया था। गॉफ इस हार के बाद अपने आंसू नहीं रोक पाई थी और ओसाका ने उन्हें सांत्वना दी थी। ओसाका ने शनिवार को कहा, ‘मैं उसे एक छोटी बहन की तरह मानती हूं, इसलिए यहां उसके साथ दोबारा खेलना अच्छा है।’

ओसाका 2021 में ऑस्ट्रेलियाई ओपन के बाद पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के चौथे दौर में पहुंची हैं। उन्होंने लुइस आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में डारिया कसाटकिना को 6-0, 4-6, 6-3 से हराया। इससे पहले गॉफ ने मैग्डेलेना फ्रेच पर 6-3, 6-1 से जीत के साथ लगातार चौथे वर्ष अमेरिकी ओपन के अंतिम 16 में जगह बनाई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गॉफ ने कहा, ‘नाओमी और मैं बहुत ज़्यादा करीब तो नहीं हैं, लेकिन हम एक-दूसरे के साथ दोस्ताना ज़रूर हैं। मैं दूर से ही कोर्ट के अंदर और बाहर उनके हर काम में उनका साथ देती हूं। उम्मीद है कि इस बार मैं उनके खिलाफ परिणाम अपने पक्ष में करने में सफल रहूंगी।’

इस बीच 45 वर्षीय वीनस विलियम्स और लेयला फर्नांडीज ने उलरिके ईकेरी और एरी होजुमी को 7-6 (1), 6-1 से हराकर महिला युगल के तीसरे दौर में प्रवेश किया। वीनस 2022 के बाद पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के युगल में खेल रही हैं। पुरुष एकल में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर ने पिछले साल के क्वार्टर फ़ाइनल के बाद पहली बार न्यूयॉर्क में कोई सेट गंवाया, लेकिन फिर खुद को संभालते हुए 27वें नंबर के डेनिस शापोवालोव पर 5-7, 6-4, 6-3, 6-3 से जीत हासिल की।

कनाडा के फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे भी अमेरिकी ओपन के चौथे दौर में प्रवेश कर गए हैं। उन्होंने तीसरी वरीयता प्राप्त एलेक्ज़ेंडर ज़ेवरेव को हराकर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, दसवें नंबर के खिलाड़ी लोरेंजो मुसेट्टी अगले दौर में पहुंच गए, क्योंकि इटली के उनके हमवतन फ़्लावियो कोबोली दाहिने हाथ में दर्द के कारण मैच से बाहर हो गए। महिला वर्ग में इगा स्वियातेक ने भी अंतिम 16 में जगह बनाई। उन्होंने पहले सेट में 5-1 से पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की। इसके अलावा करोलिना मुचोवा ने भी चौथे दौर में प्रवेश किया।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles