24.4 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

ग्रुप-ए में भारत के साथ USA, कोलंबिया और घाना

मुंबई। पहली बार फीफा के किसी टूर्नामेंट में खेलने वाला मेजबान भारत अंडर-17 वर्ल्ड कप फुटबॉल के उद्घाटन मैच में अमेरिका से भिड़ेगा जो 6 अक्टूबर को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेला जाएगा। मेजबान होने के कारण भारत को छह से 28 अक्टूबर के बीच होने वाले ग्रुप-ए में रखा गया है और शुक्रवार को डाले गए वर्ल्ड कप के ड्रॉ के अनुसार उसे अमेरिका के अलावा कोलंबिया और घाना से भिड़ना पड़ेगा। भारत के सभी लीग मैच नई दिल्ली में होंगे। वो 6 अक्टूबर को अमेरिका के खिलाफ शुरुआती मैच खेलने के बाद 9 अक्टूबर को कोलंबिया और 12 अक्टूबर को घाना से भिड़ेगा।
मेहमाननवाजी में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे
इस मौके पर खेल मंत्री विजय गोयल ने कहा, ‘भारत इस टूर्नामेंट की सफल मेजबानी के लिए पूरी तरह से तैयार है। हमें उम्मीद है कि हम अपनी शानदार मेहमाननवाजी में खरे उतरेंगे।’ अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भारत फीफा वर्ल्ड कप के लिए क्वॉलिफाई करने में सफल रहेगा।
उन्होंने कहा, ‘हम चाहते हैं कि भारत आने वाले समय में फीफा वर्ल्ड कप के लिए क्वॉलिफाई करे। मैं फीफा का शुक्रिया अदा करता हूं जिसने हमें पहले फीफा टूर्नामेंट की मेजबानी का मौका दिया।’ भारतीय सीनियर टीम के कप्तान सुनील छेत्री ने कहा, ‘मेहमान के तौर पर हम अपनी बेस्ट मेहमाननवाजी का परिचय देंगे।’
ग्रुप-ए में घाना सबसे स्ट्रॉन्ग
भारत को लीग चरण में जिन प्रतिद्वंद्वियों का सामना करना है, उसमें घाना दो बार 1991 और 1995 में चैम्पियन रहा था। घाना ने 8 बार इस टूर्नामेंट में हिस्सा लिया लेकिन वो 2007 के बाद पहली बार इसमें भाग लेगा। अमेरिका को अंडर-17 वर्ल्ड कप में भाग लेने का सबसे ज्यादा अनुभव है। वो अब तक 15 बार इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले चुका है और उसका बेस्ट प्रदर्शन 1999 में रहा जब वो चौथे स्थान पर रहा था। कोलंबिया छठी बार इस टूर्नामेंट में खेलेगा, वो 2003 और 2009 में चौथे स्थान पर रहा था।
तीन टीमें करेंगी डेब्यू
इस बार तीन टीमें अंडर-17 वर्ल्ड कप में डेब्यू करेंगी, जिसमें मेजबान भारत के अलावा न्यू कैलेडोनिया और नाइजर शामिल हैं। टूनार्मेंट में भाग लेने वाली 24 टीमों को छह ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप इस प्रकार हैं-
ग्रुप-ए: भारत, अमेरिका, कोलंबिया, घाना
ग्रुप-बी: पराग्वे, माली, न्यूजीलैंड, तुर्की
ग्रुप-सी: ईरान, गिनी, जर्मनी, कोस्टारिका
ग्रुप-डी: उत्तर कोरिया, नाइजर, ब्राजील, स्पेन
ग्रुप-ई: होंडुरास, जापान, न्यू कैलेडोनिया, फ्रांस
ग्रुप-एफ: इराक, मेक्सिको, चिली, इंग्लैंड

Related Articles

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles