चेन्नई। टी-20 वर्ल्ड कप में अमेरिका ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। रविवार को ग्रुप-ए के मुकाबले में अमेरिका ने नामीबिया को 31 रन से हरा दिया। यह मुकाबला चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अमेरिका ने 4 विकेट के नुकसान पर 199 रन बनाए और नामीबिया के सामने 200 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। अमेरिका की ओर से संजय कृष्णमूर्ति ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 68 रन बनाए। उनकी पारी में 6 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। कप्तान मोनांक पटेल ने भी उपयोगी योगदान देते हुए 30 गेंदों पर 52 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 3 छक्के शामिल थे।
नामीबिया की ओर से कप्तान जेरार्ड इरास्मस और विलेम माईबर्ग ने 2-2 विकेट हासिल किए। हालांकि, रूबेन ट्रम्पलमैन का दिन निराशाजनक रहा और उन्होंने अपने चार ओवर में 52 रन खर्च किए। 200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 168 रन ही बना सकी। टीम की ओर से लॉरेन स्टीनकैंप ने सर्वाधिक 58 रन की पारी खेली, जबकि जेजे स्मिट ने 31 रन जोड़े। इसके बावजूद टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। अमेरिका की गेंदबाजी में शैडली वान शाल्कविक सबसे सफल रहे, जिन्होंने 2 विकेट झटके और रन गति पर अंकुश लगाए। अन्य गेंदबाजों ने भी अनुशासित प्रदर्शन करते हुए नामीबिया को बड़े लक्ष्य से दूर रखा।

