नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी 14 साल की उम्र में ही भारतीय क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन गए हैं और लगातार अपने खेल से सुर्खियां बटोर रहे हैं। हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप में उन्होंने टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। फाइनल मैच में वैभव ने 80 गेंदों पर 175 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को विश्व चैंपियन बनाने में योगदान दिया। अब आईपीएल से पहले उन्हें एक नई चुनौती का सामना करना है। क्रिकेट के मैदान पर कमाल दिखाने के बाद वैभव सूर्यवंशी को पढ़ाई के क्षेत्र में भी चुनौती मिलेगी, क्योंकि वह 17 फरवरी से होने वाली सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षाओं में हिस्सा लेंगे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वैभव सूर्यवंशी अब 10वीं की परीक्षा देंगे। आईपीएल 2026 26 मार्च से शुरू होने वाला है और उससे पहले वैभव के सामने पढ़ाई की चुनौती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वैभव डॉ. मुक्तेश्वर सिन्हा मॉडेस्टी स्कूल, ताजपुर (समस्तीपुर) के छात्र हैं। उन्हें एडमिट कार्ड मिल चुका है और आगामी बोर्ड परीक्षा के लिए सभी फॉर्मेलिटी पूरी हो चुकी हैं। सीबीएसई 10वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक चलेंगी, यानी आईपीएल से पहले वैभव के लिए यह नया चैलेंज है। इस रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी चाहते हैं कि उनका बेटा खेल के साथ-साथ पढ़ाई के क्षेत्र में भी आगे बढ़े।
अंडर-19 वर्ल्ड कप में वैभव की शानदार उपलब्धि
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वैभव सूर्यवंशी के लिए पिछला साल बेहद शानदार रहा है। हाल ही में हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप में उन्होंने 7 पारियों में 439 रन बनाए और अपने खेल का जलवा बिखेरा। फाइनल मुकाबले में वैभव की 175 रन की तूफानी पारी ने इंग्लैंड को मुकाबले से पहले ही मात दे दी। इसी प्रदर्शन के लिए उन्हें फाइनल में प्लेयर ऑफ़ द मैच और पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के लिए प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट भी चुना गया। वैभव के लिए यह टूर्नामेंट निश्चित रूप से यादगार रहा।

