नई दिल्ली : बिहार से आने वाले 14 साल के वैभव सूर्यवंशी को जब आईपीएल 2025 के ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स के स्क्वाड में शामिल किया गया, तब से ही फैंस और क्रिकेट जगत उसे देखने के लिए उत्सुक थे। आईपीएल 2025 में पहली बार मैदान पर उतरते ही यह बाएं हाथ का बल्लेबाज अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा गया। शुरुआती उम्र के बावजूद वैभव ने साबित किया कि क्रिकेट में प्रतिभा का कोई आयु मानक नहीं होता।
अब वैभव के सामने है नई जिम्मेदारी। वैभव अब इस छोटी सी उम्र में ही कप्तान बन गए हैं। वैभव के सामने अब विश्व कप खड़ा है और युवा कंधों पर जिम्मेदारी है देश को विश्व चैंपियन बनाने की। भारतीय टीम 15 जनवरी से अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 खेलेगी। इस टूर्नामेंट के लिए कप्तान आयुष म्हात्रे को चुना गया है लेकिन उनकी फिटनेस पर संशय है।
आयुष की गैरमौजूदगी में, विश्व कप से ठीक पहले 3 जनवरी से साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली यूथ वनडे सीरीज के लिए वैभव सूर्यवंशी को भारतीय अंडर-19 टीम की कप्तानी सौंपी गई है। आयुष के अलावा उपकप्तान विहान मल्होत्रा भी फिट नहीं हैं और वह इस सीरीज से बाहर रहेंगे। ऐसे में अगर आयुष और विहान समय पर फिट नहीं हो पाते हैं, तो विश्व कप में भी वैभव सूर्यवंशी ही टीम की कमान संभालते नजर आ सकते हैं।
2025 में वैभव सूर्यवंशी ने दिखाया जलवा
वैभव सूर्यवंशी के लिए साल 2025 बेहद शानदार रहा। आईपीएल 2025 में पदार्पण करते ही इस युवा सितारे ने धूम मचा दी थी। एक के बाद एक इंटरनेशनल गेंदबाजों को उन्होंने बखूबी चुनौती दी और धुंआधार शतक जमाकर सबका ध्यान खींचा। इस प्रदर्शन के बाद वैभव ने अपने नाम का सिक्का चलाना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्हें भारतीय अंडर-19 टीम में भी चयनित किया गया।
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की अंडर 19 टीमों को भी वैभव ने खूब धोया। यहां से उनका सफर थमा नहीं था बल्कि धीरे धीरे रफ्तार पकड़ना शुरू कर रहा था। इसके बाद पहली बार वैभव का प्रमोशन हुआ और वह अंडर 19 से इंडिया ए में आए और जीतेश शर्मा की कप्तानी में एशिया कप राइजिंग स्टार्स खेले। यहां भी वैभव का बल्ला चला और टी 20 में खेल दी बड़ी और तेजतर्रार शतकीय पारी।
फिर सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी, अंडर-19 एशिया कप और विजय हजारे ट्रॉफी में वैभव सूर्यवंशी ने हर जगह इतिहास रच दिया। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 2025 के प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया। वैभव 2025 के सबसे ज्यादा गूगल सर्च किए जाने वाले क्रिकेटर भी बने। इतना ही नहीं, उन्हें अब भारतीय टीम में शामिल करने की मांग भी उठने लगी है। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने तो गौतम गंभीर और अजीत अगरकर को टैग करते हुए इस मांग को सार्वजनिक रूप से समर्थन दिया।
2026 में सामना करेंगे नई चुनौतियां
इस युवा खिलाड़ी के करियर का अभी सिर्फ पहला साल ही बीता है और नए साल में उसके सामने कई नई चुनौतियां खड़ी होंगी। आने वाले समय में इन युवा कंधों पर और भी बड़ी जिम्मेदारियां आने वाली हैं। साल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का सबसे बड़ा इम्तिहान बतौर कप्तान होगा। यह देखना बेहद दिलचस्प रहेगा कि क्या वह अपनी बल्लेबाजी की तरह कप्तानी में भी वही आक्रामकता और परिपक्वता दिखा पाते हैं या नहीं।
भारतीय अंडर-19 टीम के लिए साउथ अफ्रीका सीरीज विश्व कप की तैयारियों की रिहर्सल के साथ-साथ वैभव सूर्यवंशी की कप्तानी का भी अहम टेस्ट साबित होने वाली है। इसके बाद बड़े मंच यानी अंडर-19 विश्व कप में हर कोई वैभव की प्रतिभा को परखना चाहेगा। वहीं, आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए वैभव पर पूरे सीजन बतौर ओपनर बड़ी जिम्मेदारी होगी। इसके बाद वह कितनी जल्दी भारतीय टी20 या वनडे टीम में अपनी जगह बना पाते हैं, यह भी देखने वाली बात होगी।

