अहमदाबाद। वरुण चक्रवर्ती, हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने अहमदाबाद में खेले गए पांचवें और आख़िरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 30 रनों से हराकर सीरीज़ 3-1 से अपने नाम कर ली। इसके साथ ही भारतीय टीम ने टी-20 फ़ॉर्मेट में लगातार आठवीं द्विपक्षीय सीरीज़ जीतकर अपने ही रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 231 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। ओपनिंग में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ़ 34 गेंदों में 63 रन जोड़े। अभिषेक शर्मा 21 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सैमसन ने 22 गेंदों में 37 रन की तेज़ पारी खेली। पारी के 10वें ओवर में जॉर्ज लिंडे की गेंद पर सैमसन क्लीन बोल्ड हो गए।

कप्तान सूर्यकुमार यादव से एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह सिर्फ़ 5 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद मैदान पर आए हार्दिक पंड्या ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर अपने इरादे साफ़ कर दिए और मात्र 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज़ द्वारा लगाया गया दूसरा सबसे तेज़ अर्धशतक रहा। दूसरे छोर पर तिलक वर्मा ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया। तिलक और हार्दिक के बीच चौथे विकेट के लिए 44 गेंदों में 105 रनों की शतकीय साझेदारी हुई, जिसने भारत को बड़े स्कोर तक पहुँचाया। हार्दिक ने 25 गेंदों में 63 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने 42 गेंदों में 73 रन की अहम पारी खेली।
232 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत क्विंटन डी कॉक ने आक्रामक अंदाज़ में की। उन्होंने अर्शदीप सिंह के ओवर में लगातार चौके जड़ते हुए तेज़ रन बटोरे और सिर्फ़ 30 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। डी कॉक और डेवाल्ड ब्रेविस के बीच 51 रनों की साझेदारी ने भारत पर दबाव बनाया।
हालांकि 11वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने डी कॉक को कॉट एंड बोल्ड कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। अगले ओवर में हार्दिक ने ब्रेविस को आउट किया, जबकि इसके बाद वरुण चक्रवर्ती ने लगातार गेंदों पर एडन मारक्रम और डोनोवन फ़रेरा को पवेलियन भेजकर मैच भारत के पक्ष में मोड़ दिया। साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 201 रन ही बना सकी और भारत ने 30 रन से मुकाबला जीतकर सीरीज़ अपने नाम कर ली।

