एनएसटी न्यूज, भोपाल। फरहान अंसारी के शानदार डबल गोल की बदौलत एलजीएस मध्य प्रदेश ने वेटरन हॉकी टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। पुणे में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में शुक्रवार को एलजीएस मप्र ने तेलंगाना को एकतरफा अंदाज़ में 5–0 से शिकस्त दी। फाइनल में एलजीएस की ओर से फरहान अंसारी ने दो गोल दागे, जबकि आमिर दुर्रानी, जफर हसन और सिराज सरजू ने एक–एक गोल कर जीत को यादगार बना दिया। मुकाबले की शुरुआत से ही एलजीएस मप्र ने आक्रामक खेल दिखाया और तेलंगाना को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। पूरे टूर्नामेंट में एलजीएस मप्र के खिलाड़ी शानदार फॉर्म में नजर आए। फरहान अंसारी टूर्नामेंट के सबसे सफल खिलाड़ी रहे और उन्होंने कुल आठ गोल कर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
एलजीएस मप्र का खिताबी सफर भी प्रभावशाली रहा। टीम ने अपने पहले मुकाबले में हिमाचल प्रदेश को हराया। इसके बाद तमिलनाडु, केरल और महाराष्ट्र को पराजित करते हुए फाइनल में प्रवेश किया, जहां तेलंगाना को बड़े अंतर से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टीम के इस प्रदर्शन को वेटरन हॉकी में मध्य प्रदेश की मजबूत मौजूदगी के रूप में देखा जा रहा है। खिलाड़ियों के अनुशासन, फिटनेस और तालमेल ने पूरे टूर्नामेंट में दर्शकों और आयोजकों को प्रभावित किया।

