नूर सुल्तान (कजाखस्तान)। भारत की स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट ने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में ब्रोन्ज मेडल जीत लिया है। महिलाओं के 53 किलो वर्ग में विनेश ने जर्मनी की मारिया प्रेवोलाराकी को 4-1 से हराया। विनेश पहले ही 2020 टोक्यो ओलंपिक का टिकट कटा चुकी हैं।
विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में अमेरिका की सारा हिल्डेब्रांट को हराने के साथ ही विनेश ने टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वॉलिफाई कर लिया था। विश्व चैम्पियनशिप की सिल्वर मेडलिस्ट सारा पर 8-2 की शानदार जीत से 25 साल की पहलवान ने टोक्यो खेलों में अपना स्थान पक्का किया। इससे पहले उन्होंने 53 किग्रा वर्ग में रेपेचेज के पहले दौर में यूक्रेन की यूलिया खालवाद्जी पर 5-0 से जीत हासिल की थी जिससे वो ओलंपिक कोटे और कांस्य पदक की दौड़ में बनी हुई थीं।