नई दिल्ली। दिग्गज भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने पांच साल बाद एक बार फिर आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज का ताज हासिल कर लिया है। बुधवार को जारी ताजा रैंकिंग में विराट ने अपने ही साथी खिलाड़ी रोहित शर्मा को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। रोहित शर्मा को दो स्थान का नुकसान हुआ है और वे अब तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में 93 रनों की शानदार पारी खेलने का सीधा फायदा विराट को मिला। इस प्रदर्शन के बाद उनके रेटिंग पॉइंट्स बढ़कर 785 हो गए हैं। विराट जुलाई 2021 के बाद पहली बार और अपने करियर में कुल 11वीं बार नंबर-1 वनडे बल्लेबाज बने हैं। पिछले हफ्ते वे दूसरे स्थान पर थे। न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल को भी एक स्थान का फायदा हुआ है। वे अब 784 रेटिंग पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। दिलचस्प बात यह है कि पहले और दूसरे स्थान के बीच महज एक अंक का अंतर है।
825 दिन तक नंबर-1 रहे विराट
विराट कोहली ने अक्टूबर 2013 में पहली बार वनडे रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल किया था। अब तक वे कुल 825 दिनों तक इस पोजिशन पर रह चुके हैं। किसी भी अन्य भारतीय बल्लेबाज ने वनडे क्रिकेट में इतने लंबे समय तक शीर्ष स्थान नहीं संभाला है। दुनिया के बल्लेबाजों में इस मामले में विराट 10वें स्थान पर हैं।
बॉलिंग रैंकिंग में सिराज को फायदा
गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने शानदार छलांग लगाई है। उन्होंने पांच स्थान का सुधार करते हुए 15वां स्थान हासिल किया है। इस रैंक पर उनके साथ बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज भी मौजूद हैं। अफगानिस्तान के राशिद खान फिलहाल नंबर-1 गेंदबाज बने हुए हैं। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन को भी भारत के खिलाफ चार विकेट लेने का फायदा मिला है। वे 27 स्थान की बड़ी छलांग लगाकर अब 69वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

