(NST News) भोपाल. हॉकी एशिया कप में जीत हासिल करने के बाद मध्य प्रदेश के हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर को मंगलवार को भोपाल में सम्मानित किया गया। खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने तात्या टोपे स्टेडियम में उन्हें यह सम्मान दिया। विवेक ने हाल ही में बिहार में हुए हॉकी एशिया कप 2025 में शानदार प्रदर्शन किया था, जिसकी बदौलत भारतीय टीम ने जीत हासिल की। मंत्री सारंग ने कहा कि विवेक सागर जैसे खिलाड़ियों की वजह से मध्य प्रदेश की पहचान अब सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में बढ़ रही है। उन्होंने विवेक की तारीफ करते हुए कहा कि उनके जज्बे और मेहनत ने भारत को गर्व महसूस कराया है। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि मध्य प्रदेश से इतने बेहतरीन खिलाड़ी निकल रहे हैं, जो दुनिया भर में अपनी काबिलियत का लोहा मनवा रहे हैं। इस मौके पर खेल संचालक राकेश गुप्ता, संयुक्त संचालक बीएस यादव आदि मौजूद रहे।
एशिया कप में भारत की शानदार जीत
राजगीर में खेले गए एशिया कप 2025 के फाइनल मैच में भारतीय हॉकी टीम ने साउथ कोरिया को 4-1 से हराकर चौथी बार यह खिताब अपने नाम किया। इस शानदार जीत के साथ, भारतीय टीम ने आने वाले हॉकी वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।खेल मंत्री सारंग ने इस जीत के लिए पूरी भारतीय टीम, कप्तान और कोच को बधाई दी और उम्मीद जताई कि भारतीय हॉकी की जीत का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

