एनएसटी न्यूज, भोपाल। वॉमिक खान के दोहरे प्रदर्शन 44 रन और तीन विकेट की मदद से प्रदेश टुडे ने इलेक्ट्राॅनिक मीडिया को 39 रनों से हराकर 31वें आईईएस डिजिआना इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में आसान जीत दर्ज की है। जबकि पीपुल्स ने अटल न्यूज को आठ विकेट से हराया। इसमें विवेक साध्य ने 63 रनों की आक्रामक पारी खेली। इधर बाबे आली पर खेले गए विभागीय ग्रुप में डीजीपी इलेवन ने नगर निगम कमिश्नर इलेवन को चार विकेट से और जनसंपर्क ने डॉक्टर इलेवन को 6 रनों से हराया।
ओल्ड कैंपियन मैदान पर शनिवार को प्रदेश टुडे ने 18 ओवर में सात विकेट पर 113 रन बनाए। इसमें वामिक ने 44 और शुभम ने 18 रन बनाए। जीतू बागरे और मनोज नामदेव ने 3–3 विकेट लिए। जवाब में इलेक्ट्रानिक मीडिया टीम 14.4 ओवर में 74 रनाें पर आउट हो गई। वाॅमिक ने तीन विकेट लिए। इससे पहले अटल न्यूज ने 134 रन बनाए। इसमें अकबर ने 64 और कमलेश राठौर ने 20 रन बनाए। जवाब में पीपुल्स ने 13.4 ओवर में दो विकेट पर 132 रन बना दिए। विवेक साध्य ने 63 रन बनाए। संजय शर्मा ने 47 रनों का योगदान दिया। वॉमिक खान और विवेक साध्य मान सरोवर प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। जबकि अकबर मोस्ट वेल्युबएल खिलाड़ी बने। उन्हें स्पोर्ट्स प्रमोटर ग्रुप के चेयरमैन अरुणेश्वर सिंहदेव ने पुरस्कृत किया। इस दौरान भोपाल खेल पत्रकार संघ के संरक्षक मृगेंद्र सिंह भी उपस्थित थे।
इधर बाबे आली मैदान पर खेले गए मैचों में नगर निगम कमिश्नर इलेवन ने 9 विकेट पर 137 रन बनाए। इसमें कप्तान अजय सिंह ने 26, बिट्टू ने 27 और अक्षय पारोचे ने 26 रन बनाए। डीजीपी इलेवन की ओर अरुण सिंह ने चार विकेट लिए। नरेंद्र रायकवार को दो विकेट मिले। जवाब में डीजीपी इलेवन ने 15.5 ओवर में छह विकेट पर 138 रन बना दिए। दिशांत खरे ने 56 रनों की पारी खेली। विपिन सुस्ते ने 30 और विजय सिंह ने 27 रन बनाए। फहाद ने तीन विकेट लिए। अरुण सिंह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
इससे पहले खेले गए मैच में जनसंपर्क ने डॉक्टर को 6 रन से हराया। जनसंपर्क ने छह विकेट पर 176 रन बनाए। इसमें कप्तान अनुराग उइके ने अविजित 70 रनों की पारी खेली और तोषी ने 65 रन बनाए। जवाब में डॉक्टर इलेवन आठ विकेट पर 168 रन बना सके। शुभ ने 51, कप्तान प्रवीण तिवारी ने 28 रन बनाए। खरे, शुभम और हर्ष्ज्ञ ने 2–2 विकेट लिए। अनुराग उइके प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
आज के मैच
टाइम्स ऑफ इंडिया बनाम जन संपर्क सुबह 9.00 बजे से बाबे आली मैदान
हमीदिया बनाम जनचर्चा दोपहर 12.30 बजे बाबे आली मैदान।

