नई दिल्ली : बांग्लादेश राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज में पाकिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। इस सीरीज में पाकिस्तान की टीम केवल दूसरे वनडे में ही जीत दर्ज कर सकी, जबकि पहले और तीसरे मुकाबले में बांग्लादेश ने उसे करारी शिकस्त दी। सीरीज गंवाने के बाद पाकिस्तान के वनडे कप्तान शाहीन अफरीदी काफी निराश और गुस्से में नजर आए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तीसरे वनडे के बाद उन्होंने हार की वजह बताते हुए कहा कि बांग्लादेश के स्पिनर रिशाद हुसैन की घातक स्पिन गेंदबाजी ने मैच का रुख पलट दिया और उनकी टीम से जीत छीन ली।
तीसरे वनडे मैच के बाद शाहीन अफरीदी ने क्या कहा?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तीसरा वनडे मैच खत्म होने के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कहा कि मुझे लगता है कि शुरुआती विकेट हमें थोड़े महंगे पड़े, लेकिन मुझे टीम पर सच में गर्व है। वे आखिर तक लड़ते हैं और मुझे लगता है कि हमें युवाओं के लिए इसकी जरूरत है और वे आखिरी बॉल तक लड़ते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शाहीन ने सलमान अली आगा के शतक को लेकर कहा कि हां, सलमान हमेशा एक बहुत अच्छा प्लेयर रहा है, टेस्ट और ODI में वह हमेशा मिडिल-ऑर्डर में अच्छा करता है। उन्हें स्पिन और फास्ट बॉलर्स को खेलना पसंद है। मुझे लगता है कि सलमान ने बहुत लंबे समय तक पाकिस्तान के लिए खेला है और बहुत अच्छी पारियां खेली हैं।
शाहीन अफरीदी ने रिशाद हुसैन को बताया बेस्ट लेग स्पिनर
अपनी टीम को लेकर शाहीन ने कहा कि कई युवा पहली बार यहां वनडे के लिए आए थे और उन्होंने अच्छा खेला और हम उन्हें सपोर्ट करेंगे। अपनी बैटिंग को लेकर शाहीन ने कहा कि हां, मैं रन बनाने की कोशिश करूंगा, जैसे यह मेरा काम है, लेकिन हां, रिशाद ने सच में बहुत अच्छी बॉलिंग की। वह एक बेस्ट लेग स्पिनर है। सीरीज जीतने के लिए बांग्लादेश टीम को बधाई। उन्होंने सच में बहुत अच्छा खेला। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार युवाओं को लेकर कप्तान ने कहा कि वे जितना ज्यादा इंटरनेशनल क्रिकेट खेलेंगे, उतना ही वह तीनों डिपार्टमेंट में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
तीसरे वनडे मैच का पूरा हाल
तीसरे वनडे मैच में बांग्लादेश राष्ट्रीय क्रिकेट टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 290 रन बनाए। टीम की ओर से तंजीद हसन तमीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 107 गेंदों में 107 रन की शतकीय पारी खेली। 291 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम की पूरी टीम 50 ओवर में 279 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान के लिए सलमान अली आगा ने 98 गेंदों में 106 रन की बेहतरीन पारी खेली, लेकिन उनकी यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। वहीं गेंदबाजी में तस्कीन अहमद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा 4 विकेट अपने नाम किए।


