नई दिल्ली : शिमरॉन हेत्मायर की शानदार बल्लेबाजी और इसके बाद रोमारियो शेफर्ड की अगुआई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत वेस्टइंडीज ने ग्रुप-सी के मुकाबले में स्कॉटलैंड को 35 रनों से हरा दिया। इसके साथ ही वेस्टइंडीज ने टी20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की।
खास बात यह रही कि रोमारियो शेफर्ड ने टूर्नामेंट के अपने पहले ही मैच में हैट्रिक लेकर सबका ध्यान खींचा। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम 18.5 ओवर में 147 रन पर सिमट गई।
वेस्टइंडीज के लिए तेज गेंदबाज रोमारियो शेफर्ड ने टी20 विश्व कप के पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन किया और टूर्नामेंट के मौजूदा संस्करण में पहली हैट्रिक पूरी की। 17वां ओवर डालने आए शेफर्ड ने दूसरी गेंद पर क्रॉस को पवेलियन भेजा। इसकी अगली गेंद पर उन्होंने लिएस्क को खाता खोले बिना आउट किया। चौथी गेंद पर शेफर्ड ने ओलिवर डेविडसन को अपना शिकार बनाया और हैट्रिक पूरी कर ली। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर शेफर्ड ने सैफयान शरीफ को आउट किया। इस तरह उन्होंने ना सिर्फ हैट्रिक पूरी की, बल्कि ओवर से चार विकेट भी झटके।
वेस्टइंडीज के लिए ब्रेंडन किंग और शाई होप बल्लेबाजी के लिए उतरे। इन दोनों ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई और पावरप्ले तक स्कॉटलैंड को कोई सफलता हासिल नहीं करने दी। वेस्टइंडीज ने छह ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 33 रन बना लिए। हालांकि, लिएस्क ने होप को आउट कर वेस्टइंडीज को पहला झटका दिया जो 22 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 19 रन बनाकर आउट हुए। फिर ब्रेंडन भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और 30 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए।
दो विकेट गिरने के बाद शिमरॉन हेत्मायर और रोवमैन पोवेल ने टीम की पारी को आगे बढ़ाया। इस दौरान हेत्मायर ने दमदार बल्लेबाजी की और आक्रामक अंदाज में खेलते नजर आए। हेत्मायर ने अपना अर्धशतक पूरा किया। हेत्मायर और पोवैल के बीच तीसरे विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि, पोवैल अपना विकेट गंवा बैठे और 14 गेंदों पर एक चौका और दो छक्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। हेत्मायर हालांकि, 19वें ओवर में जाकर आउट हुए। हेत्मायर ने 36 गेंदों पर दो चौकों और छह छक्कों की मदद से 64 रन बनाए। फिर शेरफाने रदरफोर्ड 13 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के के सहारे 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रोमारियो शेफर्ड छह और मैथ्यू फोर्ड एक रन बनाकर नाबाद रहे। स्कॉटलैंड के लिए ब्रैड करी ने दो विकेट लिए, जबकि सैफयान शरीफ, ओलिवर डेविडसन और माइकल लिएस्क को एक-एक सफलता मिली।
इस मैच में स्कॉटलैंड के कप्तान रिची बेरिंगटन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। स्कॉटलैंड के लिए विश्व कप में खेलने किसी सपने के सच होने जैसा रहा है क्योंकि टीम इस टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी थी। लेकिन बांग्लादेश को टी20 विश्व कप से बाहर किए जाने के बाद उसे शामिल किया गया।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11:
स्कॉटलैंड: जॉर्ज मुंसे, मैथ्यू क्रॉस (विकेटकीपर), ब्रेंडन मैकमुलेन, माइकल जोंस, टॉम ब्रूस, रिची बेरिंगटन (कप्तान), माइकल लिएस्क, ओलिवर डेविडसन, मार्क वाट, ब्रैड करी, सैफयान शरीफ।
वेस्टइंडीज: ब्रेंडन किंग, शाई होप (विकेटकीपर और कप्तान), शिमरॉन हेत्मायर, रोवमैन पोवेल, शेरफाने रदरफोर्ड, जैसन होल्डर, रोमारियो शेफर्ड, अकील हुसैन, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोती, शमार जोसेफ।

