नई दिल्ली: एशिया कप 2025 से पहले यूपी टी20 लीग (UP T20 League) में शानदार प्रदर्शन करने वाले रिंकू सिंह खुद को केवल टी20 तक सीमित खिलाड़ी नहीं मानते। उन्हें “टी20 स्पेशलिस्ट” कहलाना पसंद नहीं है। रिंकू का सपना है कि वह भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलें। यही कारण है कि जब उन्हें टी20 विशेषज्ञ कहा गया तो उन्होंने रणजी ट्रॉफी में अपने 55 से ज्यादा के बल्लेबाजी औसत का हवाला दिया।
रिंकू सिंह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने अब तक 50 मैचों की 72 पारियों में 54.68 के शानदार औसत से 3336 रन बनाए हैं। उनके नाम 7 शतक और 22 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि नाबाद 163 उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। रिंकू भारतीय टीम के पूर्व स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना को अपना आदर्श मानते हैं और रैना की तरह ही भारतीय टीम के लिए लंबा और अहम योगदान देना चाहते हैं।
सभी फॉर्मेट में खेलना चाहते हैं रिंकू सिंह
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रिंकू सिंह ने खुद को केवल टी20 तक सीमित मानने की बात को नकारा। उन्होंने कहा, “जब मैं छक्के लगाता हूं तो फैंस को काफी मजा आता है और इसके लिए मैं आभारी हूं। लेकिन मेरा रणजी ट्रॉफी औसत भी 55 से ज्यादा है, जो बताता है कि मैं लाल गेंद से भी अच्छा खेल सकता हूं। मुझे रेड बॉल क्रिकेट खेलना बेहद पसंद है।”
मौका पाने को बेकरार रिंकू
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रिंकू सिंह ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि उन्होंने भारत के लिए दो वनडे मैच खेले हैं, जिनमें से एक में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन भी किया। उन्होंने साफ किया कि उन्हें केवल टी20 खिलाड़ी के रूप में देखा जाना पसंद नहीं है। रिंकू का मानना है कि मौका मिलने पर वह हर प्रारूप में बेहतर खेल दिखा सकते हैं। उन्होंने खुद को सभी फॉर्मेट का खिलाड़ी बताया और कहा कि उनका सपना भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना है। रिंकू ने जोर देकर कहा कि जब भी उन्हें मौका मिलेगा, वह उसे पूरी तरह से लपकने के लिए तैयार रहेंगे।
सुरेश रैना बने रिंकू सिंह के आदर्श
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सुरेश रैना को अपना आदर्श मानते हुए रिंकू सिंह ने कहा कि रैना भैया हमेशा उन्हें प्रेरित करते हैं और हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने की सलाह देते हैं। रिंकू ने बताया कि उनका सपना भी भारत के लिए टेस्ट मैच खेलकर टीम को योगदान देना है। उन्होंने कहा कि रैना भैया ने ज्यादातर मैच उसी पोज़िशन पर खेलते हुए जीते हैं, जिस पोज़िशन पर वह बल्लेबाजी करते हैं। रिंकू का लक्ष्य भी सभी फॉर्मेट में भारत को जीत दिलाने वाला भरोसेमंद खिलाड़ी बनने का है।


