नई दिल्ली : भारत की महान तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी का मानना है कि महिला वनडे विश्व कप और दो WPL ट्रॉफी जीतने वाली हरमनप्रीत कौर की कप्तानी का रिकॉर्ड तोड़ना मुश्किल है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उनका कहना है कि हरमनप्रीत अगले चार-पांच साल तक और खेल सकती हैं। हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने वनडे विश्व कप जीतने का गौरव हासिल किया है, वहीं इससे पहले उन्होंने मुंबई इंडियंस को अपनी नेतृत्व क्षमता के दम पर WPL खिताब दिलाया था।
ध्यान रहे कि झूलन गोस्वामी की कप्तानी में ही हरमनप्रीत कौर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी कोच और मेंटोर झूलन ने पीटीआई से कहा, “उसने भारतीय क्रिकेट और मुंबई इंडियंस के लिए जो योगदान दिया है, वह अद्भुत है। मुझे नहीं लगता कि निकट भविष्य में कोई उसका रिकॉर्ड तोड़ सकता है। वह विश्व कप विजेता पहली भारतीय महिला कप्तान हैं और दो WPL ट्रॉफी भी जीत चुकी हैं। उम्मीद है कि आने वाले समय में वह और भी खिताब अपने नाम करेंगी।”
पूरी टीम को धन्यवाद
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार झूलन ने यह भी कहा कि विश्व कप जीतने के बाद उन्होंने मिताली राज, अंजुम चोपड़ा और रीमा मल्होत्रा जैसे पूर्व क्रिकेटरों के साथ जश्न मनाने की योजना पहले से नहीं बनाई थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि उस समय हमने कोई खास बात की। बस जज्बात उमड़ रहे थे। मैं हरमन, स्मृति (मंधाना) और पूरी टीम को इसके लिए धन्यवाद देती हूं।”
खेलाड़ियों ने हमारे साथ मनाया जश्न
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार झूलन ने कहा, “यह पहले से तय नहीं था। हम प्रसारण से जुड़े थे और प्रोड्यूसर ने कहा कि जब टीम दर्शकों को धन्यवाद दे रही है तो हम एक या दो सवाल पूछ सकते हैं। लेकिन ये लड़कियां जिस तरह हमारे पास आईं और जश्न मनाया, मुझे नहीं लगता कि भारतीय क्रिकेट या किसी अन्य खेल में ऐसा कुछ पहले कभी देखा गया है।”
मुंबई इंडियंस की कोचिंग टीम में बदलाव
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डब्ल्यूपीएल के चौथे सीजन में हरमनप्रीत कौर डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस की कप्तानी करेंगी, लेकिन टीम में एक महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है। ऑस्ट्रेलिया की लिसा कीथली ने इंग्लैंड की शार्लोट एडवर्ड्स की जगह हेड कोच का जिम्मा संभाला है।

