एक और उपलब्धि के साथ कुलदीप यादव ने तोड़ा अश्विन का रिकॉर्ड

0

नई दिल्ली: एशिया कप 2025 में भारतीय टीम ने यूएई के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से जीत दर्ज की, जिसमें कुलदीप यादव ने गेंदबाजी से अहम योगदान दिया। लंबे समय बाद टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में वापसी कर रहे कुलदीप ने केवल 2.1 ओवर में 4 विकेट हासिल किए, जिससे यूएई की पारी 13.1 ओवर में 57 रन पर सिमट गई। भारत ने यह लक्ष्य सिर्फ 4.3 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर कुलदीप यादव ने रविचंद्रन अश्विन को एक खास मामले में पीछे छोड़ दिया।

कुलदीप का शानदार कमाल, इस मामले में अश्विन को पछाड़ा

कुलदीप यादव ने साल 2024 में हुए टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल के बाद अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला, और यूएई के खिलाफ उन्होंने अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया। इस मैच में कुलदीप ने एक ही ओवर में तीन विकेट लिए और केवल 7 रन दिए। अब कुलदीप, घर से बाहर भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में विकेट लेने के मामले में रविचंद्रन अश्विन से आगे निकल गए हैं। उन्होंने 25 मैचों में 11.15 के औसत से 52 विकेट लिए हैं, जबकि अश्विन के नाम 50 विकेट हैं। इस सूची में पहले नंबर पर अर्शदीप सिंह हैं, जिन्होंने अब तक भारत से बाहर टी20 इंटरनेशनल में 71 विकेट लिए हैं।

टी20 इंटरनेशनल में भारत के बाहर सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज
  • अर्शदीप सिंह – 71 विकेट (45 मैच)
  • हार्दिक पांड्या – 63 विकेट (67 मैच)
  • जसप्रीत बुमराह – 62 विकेट (42 मैच)
  • भुवनेश्वर कुमार – 56 विकेट (53 मैच)
  • कुलदीप यादव – 52 विकेट (25 मैच)
  • रविचंद्रन अश्विन – 50 विकेट (44 मैच)
कुलदीप ने शानदार प्रदर्शन का श्रेय दिया अपने फिटनेस कोच को

यूएई के खिलाफ मैच में कुलदीप यादव को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला। इसके बाद कुलदीप ने अपने प्रदर्शन का श्रेय फिटनेस कोच एड्रियन को दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “एड्रियन ने मेरी फिटनेस को लेकर काफी मेहनत की है और सभी चीजें अब बेहतर चल रही हैं। मेरी कोशिश सिर्फ सही लेंथ पर गेंदबाजी करने की थी और यह समझने की थी कि बल्लेबाज क्या करने की कोशिश कर रहा है, ताकि मैं अगली गेंद उसी प्लान के साथ फेंक सकूं।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here