नई दिल्ली : वर्ल्ड लीजेंड्स प्रो टी20 लीग 2026 के फाइनल में बुधवार (4 जनवरी) को शिखर धवन की कप्तानी वाली दुबई रॉयल्स ने कीरोन पोलार्ड की पुणे पैंथर्स को 8 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। 164.10 के शानदार स्ट्राइक रेट से 64 रन बनाने वाले शिखर धवन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार धवन के अलावा मनविंदर बिस्ला ने भी 152 के स्ट्राइक रेट से अर्धशतकीय पारी खेली, जिसके चलते मार्टिन गप्टिल, शेन वॉटसन और उपल थरंगा की अर्धशतकीय पारियां बेअसर साबित हुईं।
दुबई रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पुणे पैंथर्स ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 194 रन बनाए। जवाब में दुबई रॉयल्स ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में 2 विकेट पर 197 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। पुणे पैंथर्स की ओर से मार्टिन गप्टिल ने 40 गेंदों में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 62 रन बनाए, जबकि उपल थरंगा ने 39 गेंदों पर पांच चौके और तीन छक्के लगाते हुए 55 रनों की पारी खेली। गप्टिल और थरंगा के बीच 70 गेंदों में 103 रनों की अहम साझेदारी हुई।
शेन वॉटसन की धमाकेदार पारी
शेन वॉटसन ने 24 गेंद पर 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 50 रन बनाए। उन्होंने 208.33 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। रॉबिन उथप्पा ने 10 गेंद पर 15 रन बनाए। कीरोन पोलार्ड 1 रन बनाकर आउट हुए। समिउल्लाह शिनवारी 4 रन बनाकर नाबाद रहे। दुबई रॉयल्स के लिए पीयूष चावला ने 42 रन देकर 2 विकेट लिए। परवेज रसूल ने 30 और क्रिस पोफू ने 52 रन देकर 1 विकेट लिए।
दुबई रॉयल्स का दमदार जवाब
दुबई रॉयल्स की ओर से मनविंदर बिस्ला ने 44 गेंदों में 3 चौके और 5 छक्के जड़ते हुए 152.27 के स्ट्राइक रेट से 67 रनों की बेहतरीन पारी खेली। कप्तान शिखर धवन ने भी आक्रामक अंदाज़ में बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों पर 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 64 रन बनाए, उनका स्ट्राइक रेट 164.10 रहा। इसके अलावा समित पटेल ने 14 गेंदों में 28 रन और अंबाती रायुडू ने 17 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाकर जीत को आसान बना दिया। पुणे पैंथर्स की ओर से अंकित राजपूत और ड्वेन ब्रावो को एक-एक सफलता मिली।

