विशाखापट्टनम. इंग्लैंड ने विमेंस वनडे वर्ल्ड कप के अपने आखिरी लीग मैच में न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराया। इस हार के साथ न्यूजीलैंड का टूर्नामेंट से सफर खत्म हुआ। मुकाबले के बाद टीम की कप्तान सोफी डिवाइन ने वनडे क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की।विशाखापट्टनम के डॉ. वायएस राजशेखर रेड्डी स्टेडियम में खेले गए मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन टीम 168 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड ने 29.2 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। विकेटकीपर एमी जोन्स ने शानदार 86 रनों की नाबाद पारी खेली और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
न्यूजीलैंड की ओर से जॉर्जिया प्लिमर ने 43 और अमीलिया केर ने 35 रन बनाए। कप्तान डिवाइन 23 रन बनाकर आउट हुईं। इंग्लैंड की तरफ से लिंसी स्मिथ ने 3 विकेट लिए, जबकि नैटली सिवर-ब्रंट और एलिस कैप्सी ने 2-2 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने मजबूत शुरुआत की। टैमी ब्यूमोंट (40) और एमी जोन्स ने 75 रन की साझेदारी की। इसके बाद कप्तान सिवर-ब्रंट ने 33 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। अंत में जोन्स और डैनी व्याट (2 नाबाद) ने मिलकर इंग्लैंड को जीत दिलाई।
न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन ने 2006 में वनडे डेब्यू किया था। अपने 159 मैचों के करियर में उन्होंने 9 शतक और 18 अर्धशतक की मदद से 4279 रन बनाए। उनकी कप्तानी में टीम ने पिछला टी-20 वर्ल्ड कप जीता था। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने लीग स्टेज में 11 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल में जगह पक्की की। अब टीम 29 अक्टूबर को गुवाहाटी में साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी, जबकि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा सेमीफाइनल 30 अक्टूबर को नवी मुंबई में खेला जाएगा।

