नई दिल्ली: आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 की तैयारी पूरी जोरों पर है। भारत में मेजबानी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मुंबई में 11 अगस्त 2025 को आयोजित ‘50 दिन शेष’ कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और वर्तमान सितारे एकत्रित हुए। इस कार्यक्रम ने विश्व कप के प्रति उत्साह बढ़ाया और महिला क्रिकेट के बढ़ते महत्व को उजागर किया।
इस खास कार्यक्रम में भारत की क्रिकेट आइकन मिताली राज और युवराज सिंह के साथ-साथ भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स जैसे सितारे भी मौजूद रहे। आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह 50 ओवरों का महिला विश्व कप 2016 के बाद पहली बार उपमहाद्वीप में आयोजित होने जा रहा है। इससे पहले भारत ने 1978, 1997, 2013 में महिला विश्व कप और 2016 में महिला टी20 विश्व कप की मेजबानी की है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस मौके पर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि उनकी टीम पुरानी धारणाओं को तोड़ते हुए आईसीसी ट्रॉफी का सूखा खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हालांकि भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब तक विश्व खिताब जीतने में सफल नहीं रही है, लेकिन वह कई बार इसके बेहद करीब पहुंच चुकी है। खासकर 2017 में इंग्लैंड में खेले गए वनडे विश्व कप में भारत उपविजेता बनी थी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हरमनप्रीत कौर ने वनडे विश्व कप ट्रॉफी के अनावरण समारोह में कहा, “हम उस मिथक को तोड़ना चाहते हैं जिसका पूरा भारत बेसब्री से इंतजार कर रहा है। विश्व कप हर बार खास होता है और मैं हमेशा अपने देश के लिए कुछ बड़ा करने की चाह रखती हूं। जब भी मैं युवी भैया (युवराज सिंह) को देखती हूं, तो मुझे काफी प्रेरणा मिलती है।”
भारतीय टीम का हालिया प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर टी20 और वनडे दोनों सीरीज जीती थीं। अब टीम 30 सितंबर से शुरू होने वाले विश्व कप से पहले 14 सितंबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैचों की घरेलू श्रृंखला खेलेगी, जिसे खिताब की प्रबल दावेदार माना जाता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हरमनप्रीत कौर ने कहा कि यह श्रृंखला उनकी टीम के लिए खुद को परखने और मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण मौका होगी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हरमनप्रीत कौर ने कहा, “ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना हमेशा एक बड़ी चुनौती होती है। इस मुकाबले से हमें अपनी ताकत और कमजोरियों का पता चलता है। यह तीन मैचों की वनडे श्रृंखला हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जिससे हमारा आत्मविश्वास मजबूत होगा। हम कड़ी मेहनत कर रहे हैं और उसके सकारात्मक परिणाम भी नजर आने लगे हैं।”
हरमनप्रीत कौर ने 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में 171 रन की धमाकेदार पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। वह पारी उनके लिए और महिला क्रिकेट के लिए बेहद खास साबित हुई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “उस पारी ने मेरे जीवन और क्रिकेट करियर में बहुत बड़ा बदलाव लाया। हालांकि हम फाइनल में हार गए थे, लेकिन जब हम वापस आए तो कई लोग हमारा स्वागत करने आए थे और हमारा उत्साह बढ़ा रहे थे। उस याद को सोचकर आज भी मेरा दिल रोमांचित हो जाता है।”

