नई दिल्ली: वर्ल्ड चैपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 में युवराज सिंह की कप्तानी वाली इंडिया चैंपियंस अब भी अपनी पहली जीत की तलाश में है। टीम को टूर्नामेंट का पहला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ खेलना था, लेकिन मौसम के कारण यह मैच रद्द कर दिया गया। इसके बाद इंडिया चैंपियंस ने अपना दूसरा मुकाबला साउथ अफ्रीका लीजेंड्स के खिलाफ खेला, जहां उन्हें 88 रन से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। इस हार के बाद युवराज की अगुवाई वाली टीम पर दबाव बढ़ गया है और आने वाले मैचों में उन्हें जीत हासिल करने के लिए रणनीति में बड़े बदलाव करने पड़ सकते हैं।
इंडिया चैंपियंस को इस सीजन का तीसरा मैच ब्रेट ली की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के खिलाफ 26 जुलाई यानी शनिवार को हेडिंग्ले, लीड्स में खेलना है। ये मैच भारतीय समय के मुताबिक शाम 5 बजे से शुरू होगा। इंडिया के लिए ये मुकाबला आसान तो बिल्कुल भी नहीं होने वाला है क्योंकि कंगारू टीम काफी लय में है। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक खेले 2 मैचों में से एक मैच में जीत दर्ज की है जबकि एक मैच बारिश के कारण बिना किसी नतीजे के खत्म हुआ था।
स्थिर रहेगी बल्लेबाजी लाइनअप, बदलाव की संभावना बेहद कम
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में इंडिया को एक मजबूत और संतुलित टीम के साथ उतरना होगा। टीम के बल्लेबाजों पर रन बनाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी, खासकर टॉप ऑर्डर को लय में आना होगा। जीत के लिए सभी खिलाड़ियों को सामूहिक प्रदर्शन करना जरूरी होगा। इस मैच के लिए जहां तक इंडिया की प्लेइंग इलेवन का सवाल है तो बल्लेबाजी लाइनअप में बदलाव की संभावना कम दिखती है, लेकिन गेंदबाजी में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। वहीं कप्तान युवराज सिंह ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ बैटिंग नहीं की थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शायद वो बैटिंग करते हुए नजर आ सकते हैं।
विनय-अभिमन्यु को मिल सकता है आराम
इंडिया के लिए पारी की शुरुआत शिखर धवन और रॉबिन उथप्पा की अनुभवी जोड़ी कर सकती है। वहीं, तीसरे नंबर पर सुरेश रैना उतर सकते हैं, जो मिडिल ऑर्डर को स्थिरता देंगे। चौथे क्रम पर अंबाती रायुडू होंगे जबकि युवराज सिंह 5वें नंबर पर हो सकते हैं। इसके बाद बल्लेबाजी क्रम में यूसुफ पठान, इरफान पठान हो सकते हैं। टीम में स्पिन गेंदबाजी की जिम्मेदारी पीयूष चावला और पवन नेगी निभा सकते हैं जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलने वाले तेज गेंदबाज विनय कुमार और अभिमन्यु मिथुन की जगह वरुण एरोन और गुरकीरत मान को टीम में जगह मिल सकती है। विनय और मिथुन प्रोटियाज के खिलाफ काफी महंगे रहे थे और उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला था।

