कांति मांसिस्क (रूस) | भारत की पुरुष और महिला टीमों की यहां शुरू हुई विश्व टीम शतरंज स्पर्धा में शुरुआत अच्छी नहीं रही। पुरुष टीम को जहां नजदीकी मुकाबले मे पोलैंड से 2.5-1.5 से हार का सामना करना पड़ा तो महिला टीम जॉर्जिया से जीता मैच 2-2 से ड्रॉ करा बैठी। पुरुष वर्ग में भारत के विदित गुजराती के शानदार प्रदर्शन के बावजूद भारत को पोलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। भास्करन अधिबन और मुरली कार्तिकेयन अपने-अपने मुकाबले हार गए जबकि 2 साल बाद वापसी करने वाले परिमार्जन नेगी अपनी बाजी ड्रॉ करा बैठे। महिला वर्ग में भी भारत के लिए शीर्ष महिला खिलाड़ी हरिका द्रोणावली की जीत का फायदा भारत नहीं उठा पाया। ईशा करवाड़े और पद्मिनी राऊत ड्रॉ खेलने को मजबूर हुईं। एस. विजय लक्ष्मी भी जीत दर्ज करने में सफल नहीं हो सकीं। पुरुष वर्ग में विश्व की शीर्ष 10 टीम में भारत के अलावा रूस, चीन, पोलैंड, नॉर्वे, उक्रेन, अमेरिका, एजिप्ट, बेलारूस और टर्की भाग ले रहे हैं। वही महिला वर्ग में भारत के अलावा रूस, चीन, पोलैंड, जॉर्जिया, उक्रेन, अमेरिका, अजरबैजान, वियतनाम और एजिप्ट भाग ले रहे हैं।

