नई दिल्ली : दिल्ली में 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ खेले जाने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 मुकाबले से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की सेहत में सुधार नहीं हो रहा है और उन्हें राजधानी के एक अस्पताल में भर्ती करना पड़ा है। खबरों के अनुसार बाएं हाथ के इस खिलाड़ी को पेट से जुड़ा संक्रमण है, जिसके कारण नामीबिया के खिलाफ उनके मैदान पर उतरने को लेकर स्थिति साफ नहीं है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट बताती है कि अभिषेक 7 फरवरी को मुंबई में अमेरिका के खिलाफ मैच से पहले भी अस्वस्थ थे। मैच खेलने के दौरान उनकी हालत और बिगड़ गई थी। मुंबई में उन्हें तेज बुखार आया था और उन्हें सलाइन भी चढ़ाई गई थी। अमेरिका के खिलाफ वह पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए थे और बाद में उन्होंने फील्डिंग भी नहीं की थी।
अभिषेक शर्मा ने ट्रेनिंग सेशन से बनाई दूरी
अभिषेक शर्मा ने मंगलवार (10 फरवरी) को अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ मुकाबले से पहले आयोजित भारतीय टीम के पहले अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं लिया। टीम प्रबंधन ने जानकारी दी कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है और पेट से जुड़ी समस्या के कारण वह ट्रेनिंग से दूर रहे। हालांकि, यह भी स्पष्ट किया गया कि उन्हें संक्रमण है और मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है। मीडिया से बातचीत में रेयान टेन डोएशे ने कहा, “अभी अभिषेक को पेट में दिक्कत बनी हुई है। हमें उम्मीद है कि दो दिन बाद होने वाले मैच तक वह चयन के लिए उपलब्ध हो सकेंगे।”
टी दिलीप ने संभाली ड्रिंक्स की जिम्मेदारी
अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे और इसके बाद वह फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं उतरे। उनकी जगह संजू सैमसन ने मैदान पर जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान कुलदीप यादव के साथ फील्डिंग कोच टी दिलीप ने खिलाड़ियों को ड्रिंक्स पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाई। दरअसल, जसप्रीत बुमराह भी अस्वस्थ थे, जबकि वाशिंगटन सुंदर उस समय टीम के साथ उपलब्ध नहीं थे, जिसके चलते सपोर्ट स्टाफ को यह भूमिका निभानी पड़ी।

