नई दिल्ली : वुमेंस प्रीमियर लीग 2026 (WPL 2026) के पहले मुकाबले में शुक्रवार (9 जनवरी) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCBW) ने मुंबई इंडियंस (MIW) के खिलाफ आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में जीत हासिल की। अंतिम ओवर में आरसीबी को जीत के लिए 18 रन चाहिए थे, और साउथ अफ्रीका की ऑलराउंडर नादिन डी क्लर्क ने पहले दो गेंदें डॉट खेलीं और फिर अगली चार गेंदों पर 2 चौके और 2 छक्के जड़कर टीम को जीत दिला दी। हालांकि, इस जीत के बाद आरसीबी को अपनी एक प्रमुख खिलाड़ी के चोटिल होने का बड़ा झटका भी लगा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारत की तेज गेंदबाज पूजा वस्त्राकर, जिन्होंने टी20 में अब तक 58 विकेट लिए हैं, हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण डब्ल्यूपीएल 2026 के पहले दो हफ्ते नहीं खेल पाएंगी। नवंबर में आरसीबी ने उन्हें 85 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन नीलामी के समय भी वे चोटिल थीं। उम्मीद की जा रही थी कि डब्ल्यूपीएल से उनकी वापसी होगी, लेकिन अब उनका इंतजार थोड़ा लंबा हो गया है। उन्होंने अपना आखिरी प्रतिस्पर्धी मुकाबला अक्टूबर 2024 में टी20 वर्ल्ड कप में खेला था।
मालोलन रंगराजन ने दी पूजा वस्त्राकर की फिटनेस अपडेट
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आरसीबी के हेड कोच मालोलन रंगराजन ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूजा वस्त्राकर की चोट के बारे में बताया, “मुझे लगता है कि उन्हें (बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से रिलीज होने से) दो दिन पहले दुर्भाग्यवश हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई। हमारी मौजूदा जानकारी के अनुसार, इसे ठीक होने में करीब दो हफ्ते और लग सकते हैं। पहले वह अपने कंधे की चोट के लिए वहां थीं, और अब हैमस्ट्रिंग में समस्या हो गई है। यह प्रक्रिया हफ्ते-दर-हफ्ते चलती है। देखते हैं कि उनकी रिकवरी कैसी रहती है।”
प्लेयर ऑफ द मैच: नादिन डी क्लर्क
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पूजा वस्त्राकर के अनुपस्थिति में आरसीबी ने नई गेंदबाज के तौर पर इंग्लैंड की लेफ्ट-आर्म स्पिनर लिन्से स्मिथ को मौका दिया, जिन्होंने 2 ओवर में 23 रन दिए। गेंदबाजी में पहला बदलाव करने पर आरसीबी की नई खिलाड़ी अरुंधति रेड्डी को गेंद करने का अवसर मिला, और उन्होंने 4 ओवर में 37 रन खर्च किए। इस मैच में जीत दिलाने वाली खिलाड़ी वही रही, जो 2024 में खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा थी। नादिन डी क्लर्क डब्ल्यूपीएल में एक ही मैच में फिफ्टी बनाने और चार विकेट लेने वाली केवल दूसरी खिलाड़ी बन गईं।

