नई दिल्ली: न्यूजीलैंड की टीम ने दूसरे टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराया, और इस जीत के साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंकतालिका में बड़ा बदलाव देखने को मिला। कीवी टीम को इस जीत से काफी फायदा हुआ और वह तीसरे स्थान पर पहुंच गई, जबकि भारत की स्थिति इस बदलाव के बाद खराब हुई और उसे नुकसान उठाना पड़ा।
WTC तालिका में भारत पाकिस्तान से भी नीचे
न्यूजीलैंड की वेस्टइंडीज पर जीत के बाद भारतीय टीम अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंकतालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है और पाकिस्तान से भी पीछे हो गई है। पाकिस्तान इस बदलाव के बाद पांचवें स्थान पर है। भारत ने अब तक 9 मैच खेले हैं, जिनमें से 4 में जीत और 4 में हार मिली है, जबकि एक मैच ड्रॉ रहा। वर्तमान में भारत का जीत प्रतिशत 48.15 है।
न्यूजीलैंड तीसरे नंबर पर
न्यूजीलैंड की टीम ने अब तक 2 टेस्ट खेले हैं जिसमें उसे एक में जीत मिली है जबकि एक मैच ड्रॉ रहा है। कीवी टीम का जीत प्रतिशत अब 66.67 है और वो तीसरे नंबर पर आ गया है। वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम अभी पहले स्थान पर ही मौजूद है जिसका जीत प्रतिशत 100.00 है तो वहीं साउथ अफ्रीका की टीम दूसरे नंबर पर बनी हुई है जिसका जीत प्रतिशत 75.00 है। पाकिस्तान की टीम 50.00 जीत फीसदी के साथ 5वें स्थान पर है।

