नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी 2025-26 के चौथे क्वार्टरफाइनल में मुंबई को कर्नाटक के हाथों 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में कर्नाटक के लिए केएल राहुल ने दूसरी पारी में 130 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई और उन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया। राहुल पहली पारी में केवल 28 रन ही बना पाए थे, लेकिन दूसरी पारी में उनका योगदान निर्णायक साबित हुआ, जिससे कर्नाटक सेमीफाइनल में पहुँच गई।
यशस्वी ने हवा में लपका केएल राहुल का शानदार कैच
केएल राहुल दूसरी पारी में 130 रन बनाकर खेल रहे थे और मुंबई के लिए बड़ी चुनौती बने हुए थे। तभी तुषार देशपांडे की गेंद पर यशस्वी जायसवाल ने उनका बेहतरीन कैच लपका। राहुल ने तुषार की छोटी गेंद पर शॉट लगाया, लेकिन गेंद उनके बल्ले को छूते हुए स्क्वायर लेग पर खड़े यशस्वी के पास गई। यशस्वी ने बाईं ओर छलांग लगाते हुए हवा में उछलकर कैच पकड़ लिया, जिससे राहुल की पारी समाप्त हो गई। हालांकि राहुल के आउट होने के बाद भी कर्नाटक पर कोई असर नहीं पड़ा और टीम ने मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
यशस्वी का बल्ला शांत, कैच ने बनाया धमाल
यशस्वी जायसवाल ने कर्नाटक के खिलाफ अच्छी बैटिंग नहीं की और बड़ी पारी खेलने में कामयाब नहीं हो पाए। पहली पारी में उन्होंने 12 गेंदों पर एक चौके की मदद से 5 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में उन्होंने 43 गेंदों पर 2 छक्के और 4 चौकों की मदद से 36 रन बनाए। दूसरी पारी में उन्हें लय भी मिल गई थी और मौका भी था, लेकिन वे बड़ी पारी खेलने से चूक गए। इस मुकाबले में कर्नाटक को दूसरी पारी में जीत के लिए 325 रन का लक्ष्य मिला, जिसे टीम ने 6 विकेट पर हासिल कर लिया।

