नई दिल्ली: BCCI ने असम के लोकप्रिय और प्रतिष्ठित गायक जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि देने का बड़ा फैसला लिया है। हाल ही में सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हुए एक दुखद हादसे में जुबीन गर्ग का निधन हो गया था, जिससे पूरे असम सहित देशभर में शोक की लहर है। उनके सम्मान में 30 सितंबर को गुवाहाटी में होने वाले विमेंस वर्ल्ड कप 2025 के उद्घाटन समारोह के दौरान एक विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि जुबीन गर्ग असम की आत्मा हैं और उनके जाने से राज्य में गहरा दुख है। उन्होंने कहा, “वह इस सम्मान के पूर्ण रूप से हकदार हैं।” इसी भावना के साथ असम क्रिकेट एसोसिएशन और BCCI ने यह श्रद्धांजलि कार्यक्रम तय किया है, जिसे क्रिकेट जगत की ओर से जुबीन गर्ग को दी जाने वाली अब तक की सबसे बड़ी श्रद्धांजलि माना जा रहा है।
सैकिया ने बताया कि उद्घाटन समारोह में जुबीन गर्ग को समर्पित 40 मिनट का स्पेशल कार्यक्रम होगा। इसके साथ ही बॉलीवुड की मशहूर गायिका श्रेया घोषाल भी अपने लोकप्रिय गीतों और टूर्नामेंट के ऑफिशियल सॉन्ग ब्रिंग इट होम की प्रस्तुति देंगी। बता दें, ICC वूमेन्स वर्ल्ड कप 2025 का उद्घाटन मैच भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में वूमेन्स वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन होना है। इस टूर्नामेंट को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं क्योंकि भारतीय टीम के पास अपने घर में वर्ल्ड कप जीतने का शानदार मौका होगा।
BCCI सचिव सैकिया ने उम्मीद जताई कि इस बार भारतीय महिला क्रिकेट टीम ICC वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर इतिहास रचेगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में भारत ने शानदार खेल दिखाया, हालांकि सीरीज 1-2 से हार गए। ऑस्ट्रेलिया बहुत मजबूत टीम है, लेकिन भारत अब उनके करीब पहुंच चुका है। अभी तक भारतीय महिला टीम कोई ICC ट्रॉफी नहीं जीत सकी है और यह बड़ा मौका है। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। महिला क्रिकेट अब नए मुकाम पर पहुंच चुका है और उन्हें भरोसा है कि इस बार टीम इंडिया वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करेगी।

