नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में ऑरेंज और पर्पल कैप की जंग अब और भी रोमांचक होती जा रही है। सोमवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को उसके घरेलू मैदान पर मात दी। इस जीत के साथ ऑरेंज कैप की दौड़ में विराट कोहली ने जोरदार वापसी की है, जबकि पर्पल कैप की रेस में भुवनेश्वर कुमार शानदार उछाल के साथ शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं। अब दोनों अवॉर्ड्स की प्रतिस्पर्धा और ज्यादा दिलचस्प नजर आ रही है।
आईपीएल में इस साल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा हैं। जिन्होंने 8 मुकाबले खेलकर 380 रन बना लिए हैं। उनके नाम एक शतक और 5 अर्धशतक अब तक आ गए हैं। केएल राहुल इस वक्त दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने आठ मैच खेलकर 358 रन बनाए हैं। उन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक लगाने में कामयाबी हासिल की है।
राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की बात की जाए तो उन्होंने 8 मैच खेलकर 357 रन बनाए हैं। वैभव ने एक शतक और दो अर्धशतक लगाए हैं। विराट कोहली इस बीच छलांग लगाकर नंबर 4 पर पहुंच गए हैं। उन्होंने आठ मैच खेलकर 351 रन पूरे कर लिए हैं। कोहली के नाम शतक तो नहीं है, लेकिन तीन अर्धशतक उन्होंने जरूर ठोके हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए एक बेहद छोटे मैच में कोहली ने 15 बॉल पर 23 रन बना दिए। रन कम थे, नहीं तो वे और भी रन बनाकर आगे जा सकते थे। कोहली ने एक चौका और दो छक्के लगाए, साथ ही नाबाद भी लौटे।
अगर पर्पल कैप की रेस पर नजर डालें तो यहां मुकाबला बेहद कड़ा हो चुका है। आरसीबी के भुवनेश्वर कुमार, सीएसके के अंशुल कम्बोज और एसआरएच के ईशान मलिंगा तीनों के खाते में समान 14 विकेट दर्ज हैं। हालांकि बेहतर इकॉनमी रेट के चलते फिलहाल पर्पल कैप भुवनेश्वर कुमार के पास है। अंशुल कम्बोज दूसरे स्थान पर हैं, जबकि ईशान मलिंगा तीसरे नंबर पर बने हुए हैं। वहीं जोफ्रा आर्चर, प्रिंस यादव और कगिसो रबाडा 13-13 विकेट लेकर पीछे लगे हुए हैं। ऐसे में आने वाले मुकाबलों में कोई भी गेंदबाज पर्पल कैप पर कब्जा जमा सकता है।


