तीसरा टी20 खिताब जीतते ही टीम इंडिया पर इनामों की बरसात

0

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार, 10 मार्च 2026 को आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम इंडिया पर इनामों की बारिश कर दी। बोर्ड ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए कुल 131 करोड़ रुपये के इनाम का ऐलान किया है। भारत ने 8 मार्च की रात अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप अपने नाम किया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार यह खिताब जीतकर एक नया इतिहास भी रच दिया।

बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया की ओर से जारी बयान के अनुसार, बोर्ड ने टीम इंडिया को 131 करोड़ रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है। बोर्ड इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और चयनकर्ताओं को फिर बधाई देता है और भविष्य में भी उनकी सफलता की कामना करता है।

घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप जीतकर भारत ने रचा इतिहास

इससे पहले सोमवार नौ मार्च को बीसीसीआई ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने पर टीम इंडिया को बधाई दी थी। बीसीसीआई ने भारत की जीत को ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बोर्ड ने कहा था कि यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि भारत अपनी धरती पर आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतने वाला पहला देश बना।

भारत अभी अलग-अलग फॉर्मेट और कैटेगरी में कई आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम कर चुका है।

आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप चैंपियन
आईसीसी महिला विश्व कप चैंपियन
आईसीसी अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन
आईसीसी अंडर-19 मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप चैंपियन
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी विजेता

टीम की जीत के बाद कप्तान-कोच की सराहना

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई के मुताबिक, कप्तान सूर्यकुमार यादव के शानदार नेतृत्व में भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में निडर और जोशीला क्रिकेट खेला। टीम ने धमाकेदार बल्लेबाजी, अनुशासित गेंदबाजी और बेहतरीन फील्डिंग के दम पर टी20 विश्व कप के हर चरण में लगातार शानदार प्रदर्शन किया और कठिन परिस्थितियों में भी खुद को साबित किया।

बोर्ड ने मुख्य कोच गौतम गंभीर और पूरे सपोर्ट स्टाफ की भी जमकर सराहना की। बीसीसीआई ने उनकी लीडरशिप, रणनीति और तैयारी को टीम की सफलता में अहम बताया। इसके साथ ही पुरुष चयन समिति की भी तारीफ की गई। बोर्ड ने टी20 विश्व कप जीतने के विजन को साकार करने में योगदान देने वाले सभी संबद्ध राज्य संघों का भी आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here