बर्मिंघम में हिटमैन का जलवा, तीन शतकों के साथ 447 रन का रिकॉर्ड

0

नई दिल्ली : भारत और इंग्लैंड के बीच पहला वनडे मंगलवार, 14 जुलाई को बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला जाएगा। इस मुकाबले में सबसे ज्यादा निगाहें पूर्व कप्तान रोहित शर्मा पर रहेंगी, जिनका इस मैदान पर शानदार रिकॉर्ड रहा है। इंग्लैंड की परिस्थितियों में रोहित ने कई यादगार पारियां खेली हैं। चाहे 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी हो या 2019 का वनडे विश्व कप, उन्होंने अपने दमदार प्रदर्शन से भारतीय टीम को कई अहम जीत दिलाई। खासकर एजबेस्टन का मैदान रोहित के लिए बेहद अनुकूल साबित हुआ है, जहां उनका बल्ला लगातार रन बरसाता रहा है। ऐसे में पहले वनडे में एक बार फिर उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है।

रोहित ने इस स्टेडियम में 6 पारियों में 3 शतक और एक अर्धशतक जड़ा है। उनका औसत 89.4 का है। उन्होंने 447 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा ने यहां आखिरी मैच 2019 वर्ल्ड कप में खेला था। उन्होंने बांग्लादेश और इंग्लैंड के खिलाफ शतक जड़ा था। इन दोनों टीमों के अलावा वह पाकिस्तान के खिलाफ बर्मिंघम में खेले हैं। 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान वह शतक जड़ने से चूक गए थे।

बर्मिंघम में रोहित शर्मा का दमदार रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ बर्मिंघम में 3 पारियों में 102.71 के औसत से 227 रन बनाए हैं। नाबाद 123 उनका सर्वोच्च स्कोर है। इंग्लैंड के खिलाफ 2 पारियों में उन्होंने 55.5 के औसत से 111 रन बनाए हैं। 102 उनका सर्वोच्च स्कोर हैं। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 2 पारियों में 54.5 के औसत से 109 रन बनाए हैं। 91 उनका सर्वोच्च स्कोर है।

बर्मिंघम में दो बार रोहित को मिली निराशा

बर्मिंघम में रोहित शर्मा का रिकॉर्ड भले ही शानदार रहा हो, लेकिन उनकी दो पारियां उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहीं। 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में वह केवल 18 रन बनाकर आउट हो गए थे। इसके बाद इसी टूर्नामेंट के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भी उनका बल्ला खामोश रहा और उन्होंने महज 9 रन बनाए। हालांकि, मौजूदा फॉर्म की बात करें तो रोहित ने अफगानिस्तान के खिलाफ हालिया वनडे श्रृंखला में लय के संकेत दिए हैं। उन्होंने तीसरे और अंतिम वनडे में शानदार अर्धशतक जड़ा, जबकि दूसरे मुकाबले में भी अर्धशतक से मामूली अंतर से चूक गए। ऐसे में पहले वनडे में उनसे एक और बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here