मुंबई : आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में सोमवार, 23 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टीमें आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले पर टीम इंडिया की भी बारीकी से नजरें टिकी रहेंगी, क्योंकि इस मैच का परिणाम सीधे तौर पर टीम इंडिया की सेमीफाइनल की राह को प्रभावित कर सकता है। दोनों टीमों का प्रदर्शन न केवल अपने ग्रुप में स्थिति तय करेगा, बल्कि भारतीय टीम के लिए आगे की रणनीति और अंक तालिका में स्थिति को भी निर्णायक रूप से प्रभावित करेगा।
पहले दोनों टीमों के बारे में जानिए
हाल के वर्षों में आलोचनाओं का सामना करने वाली शाई होप की कप्तानी में वेस्टइंडीज ने इस टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करते हुए सुपर-8 में जगह बनाई है. टीम ने ग्रुप चरण में विरोधियों को एकतरफा अंदाज़ में हराया और अब खिताबी दावेदारी मजबूत करने उतरेगी. दूसरी ओर, जिम्बाब्वे ने सभी को चौंकाते हुए अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 169 रन का सफल बचाव किया और श्रीलंका के खिलाफ 179 रन का लक्ष्य हासिल कर बड़ा उलटफेर किया. कप्तान सिकंदर रजा की अगुवाई में टीम आत्मविश्वास से भरी हुई है.
भारत की क्यों होगी इस मैच पर नजर
ग्रुप-2 के इस मुकाबले पर भारतीय टीम की भी नजर रहेगी. दक्षिण अफ्रीका से 76 रन की हार के बाद भारत का नेट रन रेट प्रभावित हुआ है. ऐसे में सुपर-8 में अन्य टीमों के परिणाम भी सेमीफाइनल की तस्वीर तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे. भारत को अपने बाकी दो मैच इन्हीं दो टीमों के साथ खेलने हैं.
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच अब तक चार मुकाबले हुए हैं. इनमें से तीन मैच वेस्टइंडीज ने जीते हैं. पिछली बार दोनों टीमें 2022 टी20 विश्व कप में भिड़ी थीं, जहां वेस्टइंडीज को जीत मिली थी.
पिच और मौसम रिपोर्ट
वानखेड़े स्टेडियम की लाल मिट्टी की पिच पर अच्छी उछाल और तेज़ी देखने को मिलती है. छोटे स्क्वायर बाउंड्री बड़े शॉट खेलने वाले बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद साबित होते हैं. हालांकि शाम के समय ओस गिरने की संभावना के कारण लक्ष्य का बचाव करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है. मौसम साफ रहने की उम्मीद है और बारिश की कोई आशंका नहीं है, लेकिन नमी अधिक रहेगी. नई गेंद से पहले छह ओवरों में गेंद तेज़ी से बल्ले पर आएगी.
बेहद आत्मविश्वास से भरी वेस्टइंडीज की टीम को सोमवार को होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में जिम्बाब्वे की दृढ़ और संगठित टीम से सतर्क रहना होगा। दोनों टीमें टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही हैं और इस सफलता को जारी रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। ऐसे में यह मुकाबला दोनों टीमों की रणनीति, धैर्य और खेल कौशल की सच्ची परीक्षा साबित होगा।
वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे दोनों ने पहले दौर में अपने-अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया है, लेकिन चुनौती अभी खत्म नहीं हुई है, क्योंकि आगे और भी कठिन मुकाबलों का इंतजार है। दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज के लिए यह सुपर-8 प्रारूप में आत्मविश्वास की सबसे बड़ी परीक्षा होगी, जहां उसे अपने कौशल और टीम संयोजन का उच्चतम स्तर दिखाना होगा। पूर्व चैंपियन और कप्तान डेरेन सैमी की कोचिंग में टीम ने अब तक एकजुट होकर प्रदर्शन किया है, लेकिन निरंतरता बनाए रखना और दबाव के तहत भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करना अब उनकी सबसे बड़ी चुनौती साबित होगा। वेस्टइंडीज ने लगातार चार मैच में जीत हासिल करके यह सुनिश्चित कर लिया है कि टी-20 विश्व कप से पहले सात द्विपक्षीय सीरीज में मिली हार अब अतीत की बात हो गई है। कैरेबियाई टीम एक बार फिर एक मजबूत दावेदार के रूप में उभरी है। उसने इंग्लैंड के विरुद्ध शानदार जीत हासिल की और निचले पायदान की टीमों को आसानी से हराया।
कप्तान शाई होप (155 रन, दो अर्धशतक) ने अपनी फार्म वापस पा ली है, जबकि शिमरोन हेटमायर (134) ने नंबर तीन के बल्लेबाज की अपनी भूमिका के साथ पूरा न्याय किया है। जेसन होल्डर और रोस्टन चेज ने भी महत्वपूर्ण योगदान देकर टीम को मजबूती प्रदान की है। शेरफेन रदरफोर्ड (126) की विस्फोटक बल्लेबाजी वेस्टइंडीज के लिए महत्वपूर्ण साबित हुई है। इसके अलावा रोमारियो शेफर्ड की ऑलराउंड क्षमता से टीम को संतुलन मिला है। वहीं, दूसरी ओर जिंबाब्वे ने अब तक के अपने प्रेरणादायक प्रदर्शन से क्रिकेट जगत में नई उम्मीद जगा दी है। उसने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को हराकर सभी को चौंका दिया था और अब वह यह साबित करने के लिए प्रतिबद्ध होगा कि उसकी यह जीत महज संयोग नहीं थी।
जिंबाब्वे ने सुपर आठ में जगह बनाकर अपना सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल कर रहा लिया है। अब उसका सामना वेस्टइंडीज के अलावा दक्षिण अफ्रीका और भारत से होगा। उसके खिलाड़ियों के दृढ़ संकल्प को देखते हुए अगर वह फिर से कोई उलटफेर कर देता है तो उस पर किसी को हैरानी नहीं होनी चाहिए। जिंबाब्वे के लिए युवा ब्रायन बेनेट बल्लेबाजी में स्टार खिलाड़ी साबित हुए हैं। उन्होंने दो अर्धशतक लगाए हैं और कुल 175 रन बनाकर जिम्बाब्वे की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। लेकिन दिलचस्प बात यह है कि इस 22 वर्षीय दाएं हाथ के बल्लेबाज ने टी-20 विश्व कप में अभी तक एक भी छक्का नहीं लगाया है। वेस्टइंडीज इस बात को नजरअंदाज नहीं कर सकता है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
वेस्टइंडीज: ब्रैंडन किंग, शाई होप, शिमरॉन हेटमायर, रोस्टन चेज, शेरफेन रदरफोर्ड, रोवमैन पॉवेल, जेसन होल्डर, रोमारियो शेफर्ड, अकील होसेन, गुडाकेश मोती, शमर जोसेफ.
जिम्बाब्वे: ब्रायन बेनेट, तादिवानाशे मरुमानी, रयान बर्ल, सिकंदर रजा (कप्तान), डियोन मायर्स, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ब्रैड इवांस, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजरबानी.

