जानिक सिनर का विजय अभियान जारी, फ्रेंच ओपन में लगातार 30वीं जीत हासिल

0

पेरिस : जानिक सिनर ने फ्रेंच ओपन 2026 के पहले दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रांस के वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी क्लेमेंट ताबुर को 6-1, 6-3, 6-4 से हराया। दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी सिनर की यह लगातार 30वीं जीत रही, जिससे उनका शानदार फॉर्म एक बार फिर साफ नजर आया। इसके साथ ही सिनर ने फ्रेंच ओपन खिताब जीतने के अपने अभियान की भी मजबूत शुरुआत कर दी है। पिछले साल रोलां गैरो के फाइनल में कार्लोस अलकराज के खिलाफ पांच सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में हार झेलने वाले सिनर की इस बार वापसी काफी दमदार रही और उनका पहला मैच पिछले साल के फाइनल से बिल्कुल अलग अंदाज में खत्म हुआ।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जानिक सिनर ने अपनी जीत के बाद कहा कि वह रोलां गैरो में वापसी करके बेहद खुश हैं और यहां की यादें उनके लिए काफी खास हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने बताया कि पेरिस के माहौल में खुद को पूरी तरह ढालने के लिए उन्होंने अपने भाई के साथ मिलकर एफिल टावर का लेगो प्रोजेक्ट भी शुरू किया था। इटालियन ओपन जीतने के बाद सिनर अपने घर लौटे थे, जहां उन्होंने इस मॉडल पर काम किया। यह उनके लिए टेनिस से अलग एक दिलचस्प और सुकून देने वाला अनुभव रहा।

फ्रेंच ओपन में सिनर का दबदबा कायम

24 वर्षीय सिनर इस समय शानदार फॉर्म में हैं और लगातार पांच टूर्नामेंट जीत चुके हैं। अलकराज के दाएं हाथ की कलाई में चोट के कारण बाहर होने के बाद सिनर को फ्रेंच ओपन जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। वहीं, अन्य मुकाबलों में नीदरलैंड्स के जेस्पर डी जोंग ने इटली के फेडरिको सीना को 6-3, 6-1, 6-3 को मात दी। इसके अलावा बेल्जियम के अलेक्जेंडर ब्लाक्स के विरुद्ध ऑस्ट्रेलिया के आठवीं वरीयता प्राप्त एलेक्स डी मिनौर को वॉकओवर मिला।

स्वियातेक तीसरे दौर में

दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी इगा स्वियातेक ने बुधवार को फ्रेंच ओपन में अपनी लय हासिल करने की कोशिश जारी रखते हुए तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने चेक गणराज्य की सारा बेजलेक को 6-2, 6-3 से हराया। चार बार की चैंपियन स्वियातेक अपनी प्रतिद्वंद्वी से काफी बेहतर नजर आईं।

इसके बावजूद उन्होंने 38 अनफोर्स्ड एरर किए, जिनमें कई डबल फाल्ट भी शामिल रहे। कोर्ट फिलिप चैटियर पर खेले गए मुकाबले में शुरुआती गेमों में दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे की सर्विस तोड़ी। इसके बाद स्वियातेक ने 5-1 की बढ़त बना ली, लेकिन सातवें गेम में डबल फाल्ट कर उन्होंने दुनिया की 35वें नंबर की खिलाड़ी बेजलेक को वापसी का मौका दे दिया।

बेलिंडा ने विरोधी को नहीं दिया कोई मौका

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इगा स्वियातेक ने मुकाबले के दौरान कई बार जल्दबाजी दिखाई, लेकिन 19 अनफोर्स्ड एरर करने के बावजूद पहला सेट आसानी से अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में खेल काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा, जहां शुरुआती आठ गेम में से पांच बार खिलाड़ियों की सर्विस टूटी। आखिर में प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी बेजलेक का फोरहैंड शॉट नेट में जाने के साथ स्वियातेक ने मुकाबला जीत लिया। वहीं 11वीं वरीयता प्राप्त बेलिंडा बेनसिक ने कैटी मैकनेली को 6-4, 6-0 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। दूसरी ओर पांचवीं वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला को बड़ा झटका लगा। उन्हें ऑस्ट्रेलिया की किंबर्ली बिरेल ने 1-6, 6-3, 6-3 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here