टीम इंडिया खराब नेट रन रेट के बावजूद कर सकती है सेमीफाइनल में एंट्री, जानें आसान फॉर्मूला

0

नई दिल्ली : टीम इंडिया के टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 में अभी दो मैच बचे हैं, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच पाएगी। टीम इंडिया ने सुपर 8 का पहला मुकाबला साउथ अफ्रीका से बड़े अंतर से हारने के कारण उसका नेट रन रेट काफी खराब हो गया है। इसी वजह से फैंस और विशेषज्ञों में शंकाएं गहराई हैं। हालांकि, ऐसा संभव है कि नेट रन रेट पर ध्यान दिए बिना भी टीम इंडिया सेमीफाइनल में जगह बना ले, लेकिन इसके लिए किसी दूसरी टीम की मदद आवश्यक होगी।

साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रन से हराया, वेस्टइंडीज का नेट रन रेट और भी मजबूत

टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 में साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को 76 रनों के बड़े अंतर से हराया है, इससे दो अंक तो हाथ से गए ही हैं, साथ ही नेट रन रेट पर इतना बड़ा डेंट लगा है कि जिसकी भरपाई होना करीब करीब नामुमकिन नजर लगता है। पहले तो साउथ अफ्रीका का ही नेट रन रेट आसमान छू रहा था, इस बीच वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रनों से हरा दिया, इससे वेस्टइंडीज का नेट रन रेट उससे भी आगे निकल गया। ऐसी स्थिति में अगर भारत, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के अंक बराबर रहे और सेमीफाइनल का फैसला नेट रन रेट के आधार पर हुआ तो तय है कि टीम इंडिया ​पीछे रह जाएगी। अब सवाल है कि ऐसा क्या हो सकता है कि नेट रन रेट पिक्चर में आए ही ना। तो चलिए सबसे आसान तरीका आपको बताते हैं।

टीम इंडिया के सेमीफाइनल में जाने का सबसे आसान और सरल तरीका

इसके लिए सीधा का समीकरण है। भारतीय टीम को अपने बचे हुए दोनों मैच जीतने होंगे। इससे भारत के चार अंक हो जाएंगे। वहीं साउथ अफ्रीका की टीम वेस्टइंडीज को करा दे तो काम बन जाएगा। यानी ऐसे में भारत के चार, साउथ अफ्रीका के छह और वेस्टइंडीज के दो ही अंक रह जाएंगे। यानी भारत दूसरे नंबर की टीम बनकर सेमीफाइनल में चली जाएगी। यहां नेट रन रेट पिक्चर में आएगा ही नहीं। लेकिन अगर कहीं वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका को हरा​ दिया तो काम गड़बड़ा जाएगा। ऐसी स्थिति में भारत दो मैच जीतकर भी बाहर हो सकता है। भारत, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बराबर चार चार अंक हो जाएंगे। आगे जाने का फैसला नेट रन रेट के आधा पर होगा। जिसमें अभी की स्थिति के हिसाब से टीम इंडिया पीछे रह जाएगी।

साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच मुकाबला 26 फरवरी को

खास बात यह है कि भारतीय टीम अपना अगला मुकाबला 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलेगी, जो शाम 7 बजे से शुरू होगा। इसी दिन दोपहर में साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच भी मुकाबला खेला जाएगा। इसलिए 26 फरवरी की तारीख बेहद अहम बन जाती है। जब टीम इंडिया शाम को मैदान में उतरेगी, तब तक साउथ अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज मैच का नतीजा सामने आ चुका होगा, और उसके अनुसार भारतीय टीम अपनी रणनीति तय कर सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here