शतरंज विश्व कप: डी गुकेश ने विश्वनाथन आनंद को पछाड़कर इतिहास रचा

0

नई दिल्ली।किशोर ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने बाकू में आयोजित शतरंज विश्व कप के दूसरे दौर में गुरुवार को स्थानीय दावेदार मिसरातदिन इस्कांद्रोव को हराया और खेल की वैश्विक संचालन संस्था फिडे की लाइव विश्व रेटिंग में अपने आदर्श विश्वनाथन आनंद को पछाड़ दिया।17 वर्ष के गुकेश ने दूसरे दौर के मैच की दूसरी बाजी में अजरबेजान के इस्कांद्रोव को 44 चाल में मात दी।

जागरण की रिपोर्ट के अनुसार इस संबंध में अखिल भारतीय शतरंज महासंघ के अध्यक्ष संजय कपूर ने कहा कि आशा के अनुरूप हमारे युवा ग्रैंडमास्टर डी गुकेश दिग्गज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद को पछाड़कर भारत के शीर्ष शतरंज खिलाड़ी बन गए।इस युवा खिलाड़ी को कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्टार बनते देखना अद्भुत था। मुझे इसमें कोई संदेह नहीं कि विश्वनाथन आनंद की तरह यह भी कई दशकों तक भारत को गौरवान्वित करेंगे। मैं सभी देशवासियों से अनुरोध करता हूं कि वह मुझे गुकेश को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई देने में सहयोग करें।

गुकेश से निकले आगे-
वहीं, विश्व की शीर्ष संस्था फिडे ने ट्वीट में कहा कि डी गुकेश आज फिर जीते और लाइव रेटिंग में विश्वनाथन आनंद से आगे निकल गए। एक सितंबर को जारी होने वाली फिडे की अगली आधिकारिक रैंकिंग में अभी लगभग एक महीना है, लेकिन पूरी संभावना है कि यह 17 वर्षीय खिलाड़ी सबसे अधिक रेटिंग वाले भारतीय खिलाड़ी के रूप में विश्व रैंकिंग में शीर्ष 10 में जगह बनाएगा।

गुकेश को हुआ लाभ-
‘गुकेश को 2.5 रेटिंग अंक का लाभ हुआ और उनकी लाइव रेटिंग 2755.9 पहुंच गई जबकि आनंद की रेटिंग 2754.0 है। इसके साथ ही गुकेश लाइव रैंकिंग में आनंद को पछाड़कर नौवें स्थान पर पहुंच गए। पांच बार के विश्व चैंपियन आनंद 10वें स्थान पर खिसक गए। जुलाई 1991 में पहली बार विश्व रैंकिंग में शीर्ष 10 में जगह बनाने वाले आनंद जनवरी 1987 से भारत के शीर्ष रैकिंग वाले खिलाड़ी बने हुए हैं। गुकेश अगले दौर में हमवतन एसएल नारायणन से भिड़ेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here