टीम से बाहर हुए संजू सैमसन ने रणजी में बल्ले से दिखाया दम

0

नई दिल्ली: भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने भले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक दशक पूरा कर लिया हो, लेकिन अब तक उन्हें उतने मौके नहीं मिले, जितने वे वाकई हकदार थे। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए घोषित टीम में भी सैमसन का नाम शामिल नहीं किया गया। यह वही खिलाड़ी हैं जिन्होंने अपने आखिरी वनडे मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक लगाकर भारत को जीत दिलाई थी। इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में भी सैमसन को नजरअंदाज करते हुए पहली बार ध्रुव जुरेल को टीम में शामिल किया।

संजू सैमसन ने रन बनाकर दिया जवाब

अब संजू सैमसन ने रणजी ट्रॉफी 2025 के पहले मुकाबले में महाराष्ट्र के खिलाफ अपनी अर्धशतकीय पारी से बता दिया है कि वह टी20 के अलावा लंबे फॉर्मेट में भी खेल सकते हैं। भारत के लिए 16 वनडे मुकाबले खेलने के बाद भी संजू को वनडे सीरीज में नहीं चुना गया था। अब रणजी ट्रॉफी में उन्होंने 51 गेंदों पर अर्धशतक लगाया और अपनी टीम के स्कोर 35 पर 3 विकेट से आगे बढ़ाया। उन्होंने चौथे विकेट के लिए सचिन बेबी के साथ 40 और कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन के साथ पांचवें विकेट के लिए 57 रन जोड़े।

संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 63 गेंदों पर 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 54 रनों की पारी खेली। उन्होंने यह पारी लगभग 85 से अधिक के स्ट्राइक रेट से खेली, जो उनके आक्रामक अंदाज को दर्शाता है। वनडे करियर की बात करें तो सैमसन का स्ट्राइक रेट 99.61 रहा है। अब तक खेले गए 16 वनडे मैचों में उन्होंने 1 शतक और 3 अर्धशतक की मदद से 510 रन बनाए हैं। वहीं टी20 इंटरनेशनल में सैमसन ने 49 मुकाबलों में 3 शतक और 3 अर्धशतक लगाते हुए 993 रन जोड़े हैं।

महाराष्ट्र की टीम ने मुश्किलों से निकाला रास्ता

अगर मैच की बात करें तो महाराष्ट्र की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने बिना कोई रन बनाए अपने तीन विकेट गंवा दिए और मात्र 18 रन पर आधी टीम पवेलियन लौट गई। इसके बाद रुतुराज गायकवाड़ (91) और जलज सक्सेना (49) ने मिलकर पारी को संभाला और टीम को संकट से बाहर निकाला। अंत में विक्की ओस्टवाल (38) और रामकृष्ण घोष (31) ने उपयोगी पारियां खेलते हुए स्कोर को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाया। महाराष्ट्र की टीम ने पहली पारी में 239 रन बनाए। जवाब में केरल की टीम तीसरे दिन लंच तक 6 विकेट खोकर 152 रन ही बना सकी। इस दौरान संजू सैमसन 54 रन और कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन 36 रन बनाकर विक्की ओस्टवाल का शिकार बने।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here