नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस ऐतिहासिक जीत के बाद सभी भारतीय खिलाड़ियों के इमोशन अपने चरम पर थे। हर कोई अपनी खुशी और जज्बे को व्यक्त करते हुए जीत का जश्न मना रहा था। इसी मौके पर टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने भी अपनी भावनाओं को खुलकर व्यक्त किया और जीत का आनंद मनाते हुए अपने मन की बात सबके सामने रखी।
सिराज ने बताया सफलता का राज, कहा- ‘गॉड्स प्लान’
सिराज के साथ इस बातचीत के दौरान स्पिनर कुलदीप यादव भी मौजूद थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्टार स्पोर्ट्स के एंकर ने सिराज से पूछा कि इस वर्ल्ड कप की लाइन क्या होगी, I Believe in तो सिराज ने कहा- Hole Team (पूरी टीम)। फिर कुलदीप यादव ने कहा कि सौ फीसदी होल टीम, टीम एफर्ट। सिराज से एंकर ने पूछा कि कैसा लग रहा है, वर्ल्ड चैंपियन वन्स अगेन, इस पर सिराज ने कहा कि सब कुछ गॉड का प्लान था क्योंकि मैं तो इस टीम में था नहीं, ऊपर वाले ने स्क्रिप्ट लिखी, मुझे यहां भेजा और चैंपियन बना दिया। उसकी स्क्रिप्ट को कोई नहीं मिटा सकता है, सबकुछ भगवान का प्लान था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कुलदीप यादव ने भारत की जीत के बाद इस बातचीत के दौरान कहा कि आपके जो करम (कर्म) होते हैं ये उसी का नतीजा होता है। जितने अच्छे आप करम करेंगे उसका रिजल्ट मिलेगा। इस टूर्नामेंट के दौरान पूरे टीम का प्रदर्शन बहुत ही अच्छा रहा। जिस तरह से इसके लिए हमने तैयारी की, पिछले डेढ़ साल से हम इसके लिए तैयारी कर रहे थे। हम साउथ अफ्रीका के खिलाफ हारे, लेकिन फिर कमबैक किया। सेमीफाइनल और फाइनल में जिस तरह से प्रदर्शन रहा उसका पूरा श्रेय टीम को जाता है।
सिराज बोले- ‘पानी पिलाना, नेट्स में गेंदबाजी’
स्टार स्पोर्ट्स के एंकर ने सिराज से पूछा कि एक खिलाड़ी के लिए प्लेइंग 11 से बाहर रहना निराशाजनक हो सकता है, लेकिन ऐसे समय में उनका रोल कितना अहम होता है। इस पर सिराज ने बताया कि बाहर रहते हुए भी उनका योगदान टीम के लिए बहुत बड़ा होता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “हम लोगों का भी बहुत बड़ा रोल है क्योंकि बाहर रहकर सबसे पहले पानी पिलाना, बैक-टू-बैक नेट्स में गेंदबाजी करना और फिर टीम का वातावरण पॉजिटिव बनाए रखना। एक खिलाड़ी के तौर पर यह हमेशा होता है कि हम खेलना चाहते हैं, लेकिन जब टीम कॉम्बिनेशन की बात आती है तो पहले टीम महत्वपूर्ण है। हमारा यही फोकस था कि जो टीम के हित में होगा, हम उसके साथ हैं।” सिराज के इस बयान से यह साफ होता है कि टीम की जीत में हर सदस्य का योगदान, चाहे वह मैदान पर हो या बाहर, बराबर अहम होता है।

