वर्ल्ड गेम्स में हुआ गंभीर हादसा, मुकाबले के दौरान इटली के एथलीट बेहोश, इलाज के दौरान मौत

0

नई दिल्ली: पिछले हफ्ते चीन में वर्ल्ड गेम्स के दौरान इटली के 29 वर्षीय एथलीट मटिया डेबर्टोलिस अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। वे ओरिएंटियरिंग इवेंट में हिस्सा ले रहे थे। घटना के बाद उन्हें तुरंत चीन के सबसे बड़े अस्पतालों में से एक में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था। दुर्भाग्यवश, कुछ दिनों बाद डेबर्टोलिस का निधन हो गया। अभी तक उनकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। बेहोश होने के चार दिन बाद मंगलवार, 12 अगस्त को मटिया डेबर्टोलिस का निधन हो गया।

वे शुक्रवार की सुबह मेंस ओरिएंटियरिंग के मिडिल डिस्टेंस कंपटीशन के दौरान अचानक बेहोश हो गए थे। उन्हें तुरंत चीन के एक प्रमुख अस्पताल में विशेषज्ञों द्वारा इलाज दिया गया, लेकिन इसके बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल का नाम अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। इंटरनेशनल ओरिएंटियरिंग फेडरेशन (IOF) के अध्यक्ष टॉम होलोवेल ने एक बयान में कहा,”मैं इस मौत के दुख को शब्दों में बयां नहीं कर सकता। हमारी संवेदनाएं मटिया के निधन पर शोक व्यक्त करने वाले सभी लोगों के साथ हैं। मैं वर्ल्ड ओरिएंटियरिंग समुदाय को उनको याद करने का आग्रह करता हूं।”

ओरिएंटियरिंग एक आउटडोर एडवेंचर स्पोर्ट है, जिसमें एथलीट एक विशेष ओरिएंटियरिंग मैप का उपयोग करते हुए चिह्नित चेकपॉइंट्स या कंट्रोल्स के बीच रास्ता तय करते हैं। इसमें कोई निश्चित मार्ग नहीं होता और खिलाड़ियों का लक्ष्य सबसे कम समय में पूरे कोर्स को पूरा करना होता है। यह खेल धैर्य, दिशा-निर्देशन और तेजी का परीक्षण करता है।

मटिया डेबर्टोलिस 2025 के वर्ल्ड गेम्स में इटली ओरिएंटियरिंग फेडरेशन टीम के सदस्य थे। उन्होंने इटली की ओर से कई वर्ल्ड चैंपियनशिप और वर्ल्ड कप मुकाबलों में भाग लिया था। 2022 के वर्ल्ड कप फाइनल रिले में भी मटिया ने इटली टीम के साथ मिलकर प्रदर्शन किया था, जहाँ उनकी टीम पाँचवे स्थान पर रही थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here