नई दिल्ली. साउथ अफ्रीका की टी-20 लीग SA20 के चौथे सीजन में 13 भारतीय खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इन खिलाड़ियों में पीयूष चावला, सिद्धार्थ कौल और अंकित राजपूत जैसे नाम शामिल हैं। 6 जून 2025 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने वाले पीयूष चावला की बेस प्राइस सबसे अधिक 50 लाख रुपए (1,000,000 रैंड) रखी गई है। वहीं इमरान खान का बेस प्राइस 25 लाख रुपए और अन्य भारतीय खिलाड़ियों का करीब 10 लाख रुपए है। ऑक्शन 9 सितंबर को जोहान्सबर्ग में होगा, जिसमें कुल 784 रजिस्टर्ड क्रिकेटर शामिल होंगे। SA20 लीग में छह फ्रेंचाइजियों के पास कुल 7.4 मिलियन अमेरिकी डॉलर का बजट है, जिससे 84 स्लॉट्स भरे जाएंगे। हर टीम को चौथे सीजन से एक वाइल्डकार्ड खिलाड़ी चुनने की अनुमति होगी, जो विदेशी या साउथ अफ्रीकी हो सकता है।

इससे पहले दिनेश कार्तिक इस लीग में खेल चुके हैं। इस बार 40 पाकिस्तानी और 150 से ज्यादा इंग्लैंड के खिलाड़ी भी रजिस्टर हुए हैं। इंग्लिश खिलाड़ियों में जेसन रॉय और एलेक्स हेल्स जैसे इंटरनेशनल खिलाड़ी शामिल हैं। SA20 की लोकप्रियता पिछले तीन सीजनों में तेजी से बढ़ी है और इसे दक्षिण अफ्रीका का मिनी IPL कहा जाने लगा है। नीलामी में बड़े दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभागियों और टी-20 स्पेशलिस्ट खिलाड़ियों की मौजूदगी लीग को और रोमांचक बनाएगी। भारतीय और विदेशी खिलाड़ी इस लीग में खेलकर नए अनुभव और प्रतिस्पर्धा का अवसर पाएंगे।

