पहला खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल 2025: मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने जीते 07 पदक

0

(NST News) भोपाल. श्रीनगर के डल झील में 21 से 23 अगस्त 2025 तक आयोजित पहले खेलों इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल में मध्यप्रदेश के क्याकिंग-केनोइंग अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अब तक प्रदेश के खिलाड़ियों ने 04 स्वर्ण, 01 रजत और 02 कांस्य सहित कुल 07 पदक अपने नाम किए और पदक तालिका में पहला स्थान हासिल किया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 400 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

मध्यप्रदेश के पदक विजेता खिलाड़ियों में डाली विश्नोई ने महिला वर्ग के-1 500 मीटर में स्वर्ण पदक जीता। पुरुष वर्ग के-2 500 मीटर में एम. मंजीत मिताई और आदित्य, पुरुष वर्ग सी-2, 500 मीटर में सुधीर कुमार और प्रिंस, तथा के-2 500 मीटर में निहारिका और चंद्रकला ने स्वर्ण पदक जीते। पुरुष वर्ग सी-1 1000 मीटर में कृष्णा जाट ने रजत पदक और महिला वर्ग सी-1 1000 मीटर में मासूमा यादव ने कांस्य पदक हासिल किया। पुरुष वर्ग के-1, 1000 मीटर में मयंक ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखकर दर्शक भी उत्साहित थे और उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और खेल कौशल की जमकर सराहना की। पदक तालिका में मध्यप्रदेश पहले स्थान पर है, जबकि ओडिशा दूसरे और जम्मू-कश्मीर तीसरे स्थान पर हैं। इस फेस्टिवल में रोइंग, क्याकिंग-केनोइंग, वॉटर स्कींग, ड्रैगन बोट और शिकारा स्प्रिंट जैसी स्पर्धाओं को शामिल किया गया। प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों की प्रशंसा की और सभी पदक विजेताओं को बधाई दी। साथ ही संचालक खेल राकेश गुप्ता ने भी खिलाड़ियों को इस सफलता पर बधाई दी और भविष्य में ऐसे प्रदर्शन जारी रखने की शुभकामनाएं दी। इस आयोजन ने मध्यप्रदेश के युवाओं को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने और खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here