एडिशनल एसपी डेनियल जोसेफ ने वितरित की ट्रॉफियां, खेल जगत की दिग्गज हस्तियों का हुआ सम्मान
NST NEWS,भोपाल। शहर में आयोजित समर हॉकी एवं जिम्नास्टिक कैंप का रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कैंप में कुल 157 खिलाड़ियों ने भाग लिया। समापन समारोह में खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई तकनीकों और कौशल का प्रदर्शन कर अतिथियों और अभिभावकों की सराहना प्राप्त की।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि एडिशनल एसपी डेनियल जोसेफ रहे। विशेष अतिथि के रूप में इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा और मनोज कुमार उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास जारी रखने और भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान खेल जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कई हस्तियों का सम्मान किया गया। इनमें राष्ट्रीय रेफरी अशोक पांडे, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी शाकिर खान, वन विभाग के कोच मतीन खान, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल कोच सिलटुकर तथा पहलवान विनोद यादव शामिल रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों को इन अनुभवी खेल व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेने की सलाह दी।
कैंप के सफल संचालन में हॉकी कोच अंजुम खान, सहायक कोच मोहम्मद ज़ैद तथा जिम्नास्टिक कोच ज़ायदा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को खेल की तकनीकी बारीकियों के साथ शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और खेल भावना का प्रशिक्षण दिया। वहीं, समापन समारोह का प्रभावी संचालन रश्मि ने किया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि डेनियल जोसेफ ने विजेता खिलाड़ियों और सभी प्रतिभागियों को ट्रॉफियां एवं सम्मान प्रदान किए। सम्मान प्राप्त कर खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। समारोह का समापन उत्साह, तालियों और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।


