नई दिल्ली: भारतीय नौसेना ने गुरुवार को कहा कि 16 वर्षीय काम्या कार्तिकेयन ने माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की, वह नेपाल की ओर से दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय पर्वतारोही बन गईं। वह नौसेना अधिकारी की बेटी हैं और मुंबई के नेवी चिल्ड्रन स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा है।
नौसेना प्रवक्ता द्वारा जारी किए गए बयान के अनुसार, काम्या और उनके पिता कमांडर एस कार्तिकेयन ने 20 मई को माउंट एवरेस्ट (8,849 मीटर) पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की। बयान में कहा गया, “इस उपलब्धि के बाद वह दुनिया की दूसरी सबसे कम उम्र की लड़की और नेपाल की ओर से दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय पर्वतारोही बन गई है।”
नौसेना ने कहा कि इसके साथ काम्या ने सभी सात महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ने के अपने मिशन में छह मील के पत्थर पूरे कर लिए हैं। अब उनका लक्ष्य इस दिसंबर में अंटार्कटिका में माउंट विंसन मैसिफ पर चढ़ने का है, ताकि वह ‘7समिट्स चैलेंज’ को पूरा करने वाली सबसे कम उम्र की लड़की बन सके।


