हरारे। अफगानिस्तान ने आईसीसी वर्ल्ड कप क्वालिफायर मुकाबले में आयरलैंड को पांच विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इसके साथ ही अफगानिस्तान ने इंग्लैंड की मेजबानी में 2019 में होने वाले वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाइ कर लिया है। वेस्टइंडीज की टीम पहले ही फाइनल में पहुंच कर टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर चुकी है।
वर्ल्ड कप क्वालिफायर के आखिरी लीग मुकाबले में आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट खोकर 209 रन बनाए। पॉल स्टर्लिंग ने 55 और केविन ओ ब्रायन ने 41 रन बनाए। अफगानिस्तान के लिए लेग स्पिनर राशिद खान ने 40 रन देकर तीन विकेट लिए। दवलत जदरान ने दो और मोहम्मद नबी ने एक विकेट लिया। अफगानिस्तान ने जीत के लिए जरूरी रन 49.1 ओवर में पांच विकेट खोकर बना लिए। मोहम्मद शहजाद ने 54 और गुलबदीन नाइब ने 45 रन बनाए। असगर स्टैनिकजई ने नाबाद नाबाद 39 और नजिबुल्लाह जदरान ने नाबाद 17 रन बनाए।
क्वालिफायर टूर्नामेंट के आखिरी लीग मैच में आयरलैंड को हराकर अफगानिस्तान ने 2019 क्रिकेट वर्ल्ड कप का टिकट हासिल किया, टूर्नामेंट में आधी टीम एशिया की
12 स्टेडियमों में खेले जाएंगे 48 मैच
इसके साथ ही 2019 वर्ल्ड कप की 10 टीमें फाइनल हो गई हैं। ये टीमें एक ही ग्रुप में आपस में लीग मैच खेलेंगी और टॉप-चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। आईसीसी ने 2019 वर्ल्ड कप के लिए उसी फॉर्मेट को अपनाने का फैसला किया जो 1992 वर्ल्ड कप का था। 1992 में 10 की जगह नौ टीमों ने हिस्सा लिया था।
अगले आईसीसी वर्ल्ड कप के तहत कुल 48 मैच खेले जाएंगे। इन मैचों का आयोजन इंग्लैंड के 12 स्टेडियमों में होगा। पिछले वर्ल्ड कप में 14 टीमों ने हिस्सा लिया था और कुल 49 मैच खेले गए थे। आईसीसी ने यह कहते हुए टीमों की संख्या घटाई कि कमजोर टीमों के होने से एकतरफा मैच ज्यादा होते थे। इससे टूर्नामेंट में दर्शकों का रोमांच कम हो रहा था। टूर्नामेंट में अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। उसे पहले तीन लीग मैचों में स्कॉटलैंड, जिम्बाब्वे और हांगकांग से हार का सामना करना पड़ा था। अफगानिस्तान ने नेपाल को हराकर सुपर सिक्स में प्रवेश किया। फिर सुपर सिक्स में लगातार तीन मैच जीत लिए।
30 मई, 2019 से 14 जुलाई, 2019 तक होगा आयोजन

