जूनियर वर्ल्ड कप: विवान कपूर ने ट्रैप शूटिंग में जीते ब्रॉन्ज

0

सिडनी | भारत के विवान कपूर ने जूनियर शूटिंग वर्ल्ड कप में दो ब्रॉन्ज मेडल जीते। 16 साल के विवान ने व्यक्तिगत और टीम ट्रैप शूटिंग में ब्रॉन्ज अपने नाम किए। विवान ने व्यक्तिगत इवेंट में 6 खिलाड़ियों के फाइनल में 30 शॉट्स लगाए। इटली के मातियो मारोनगियू ने गोल्ड और चीन के यिलियू ओयांग ने सिल्वर मेडल जीता। मातियो ने चीनी खिलाड़ी को एक शॉट से हराया। विवान ने क्वालिफिकेशन में 113 के स्कोर के साथ पांचवें नंबर पर रहकर क्वालिफाई किया। उन्होंने 35 बर्ड शॉट में से 26 पर निशाना लगाया और ताइवान के कून पी यांग को पीछे छोड़ा। उनके विवान के बराबर ही अंक थे। लेकिन भारतीय खिलाड़ी फाइनल में उनसे ऊपर स्थान पर रहे, जिसने उनके लिए पहला वर्ल्ड कप पदक भी सुनिश्चित कर दिया। भारत के सैम जार्ज क्रिस्टोफर रमेश ने जूनियर 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में क्वालिफाइंग में 1140 अंक हासिल किए। लेकिन फाइनल में वह 402.5 अंक के साथ छठे स्थान पर रहे। इसी दिन ट्रैप टीम इवेंट में विवान, लक्ष्य श्योरान और अली अमान इलाही की तिकड़ी ने भारत को ब्रॉन्ज दिलाया। भारतीय खिलाड़ियों ने 328 का स्कोर किया। चीन ने 335 के स्कोर के साथ गोल्ड और ऑस्ट्रेलिया ने 331 के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल जीता। भारत अभी तक दो गोल्ड और तीन ब्रॉन्ज जीतकर दूसरे नंबर पर है। चीन 5 गोल्ड, एक सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज सहित 9 पदक जीतकर टॉप पर है। शनिवार को पुरुष और महिला 10 मी एयर पिस्टल फाइनल तथा मिक्स्ड टीम ट्रैप फाइनल होंगे।