नई दिल्ली: अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे की टीमें इस समय एकमात्र टेस्ट मैच में आमने-सामने हैं, जो जिम्बाब्वे के होम ग्राउंड हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। मैच में जिम्बाब्वे के कप्तान क्रेग इर्विन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को पहली पारी में केवल 127 रन पर समेट दिया। इस पारी में 29 वर्षीय तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने 3 विकेट चटकाए और इस साल टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
साल 2025 में टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के नाम था। सिराज ने इस साल अब तक टेस्ट क्रिकेट में 37 विकेट लिए हैं। लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच की पहली पारी में 3 विकेट लेकर ब्लेसिंग मुजरबानी अब सबसे टॉप पर पहुंच चुके हैं। वह 2025 में अब तक टेस्ट में 39 विकेट ले चुके हैं। ब्लेसिंग मुजरबानी ये कारनामा इस साल 10 मैचों की 14 पारियों में किया है।
साल 2025 में टेस्ट क्रिकेट में 29 विकेट ले चुके ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क अभी तीसरे नंबर पर हैं। वहीं 26 विकेट लेने वाले पाकिस्तान के नौमान अली का नाम चौथे नंबर पर मौजूद है। लिस्ट में पांचवें स्थान पर वेस्टइंडीज के जोमेल वॉरिकन का नाम है, जो इस साल 24 विकेट ले चुके हैं। आपको बता दें कि 2025 में दूसरे सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हैं, उन्होंने इस साल अब तक 23 विकेट लिए हैं। ओवरऑल वह इस लिस्ट में सातवें नंबर पर है।
साल 2025 में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज
- ब्लेसिंग मुजरबानी – 39 विकेट (जिम्बाब्वे)
- मोहम्मद सिराज – 37 विकेट (भारत)
- मिचेल स्टार्क – 29 विकेट (ऑस्ट्रेलिया)
- नौमान अली – 26 विकेट (पाकिस्तान)
- जोमेल वारिकन – 24 विकेट (वेस्टइंडीज)
अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच चल रहे एकमात्र टेस्ट मैच में अफगान टीम अपनी पहली पारी में 127 रन पर आउट हो गई। टीम की ओर से रहमानुल्लाह गुरबाज ने सबसे अधिक 37 रन बनाए, जबकि अब्दुल मलिक ने 30 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में ब्रैड इवांस ने 5 विकेट लेकर प्रभावशाली प्रदर्शन किया, वहीं मुजरबानी ने 3 विकेट झटके।

