22 से 24 अगस्त तक कुशाभाऊ ठाकरे स्विमिंग पूल पर होगा आयोजन
(NST News) भोपाल. म.प्र. ट्रायथलॉन संघ द्वारा उज्जैन जिला ट्रायथलॉन संघ के सहयोग से 29वीं सब जूनियर, जूनियर और सीनियर ट्रायथलॉन प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 24 अगस्त तक उज्जैन के महानंदा नगर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे स्विमिंग पूल में किया जाएगा। यह प्रतियोगिता उज्जैन में तीसरी बार आयोजित हो रही है। इससे पहले यह खेल प्रतियोगिता वर्ष 1992 और 2011 में यहां हुई थी। इस बार कुल दस इवेंट्स होंगे, जिनमें बालक, बालिकाएँ, महिला और पुरुष वर्ग शामिल रहेंगे। खास बात यह है कि प्रतियोगिता में मिनी बालक-बालिकाओं की विशेष प्रतियोगिता भी रखी गई है, जो राष्ट्रीय स्तर पर नहीं होती। इसका उद्देश्य है कि छोटे बच्चों को भी खेल का अनुभव मिले और भविष्य में अच्छे खिलाड़ी तैयार हों। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के 23 जिलों की टीमें भाग लेंगी। खिलाड़ियों, कोच और मैनेजर सहित तकनीकी अधिकारियों को किट, भोजन, ठहरने और यातायात की सुविधा निश्शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। विजेताओं को पदक और प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। साथ ही, इसी प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की टीम का चयन होगा।
ट्रायथलॉन की खासियत यह है कि इसके लिए स्थायी मैदान नहीं होता। हर बार आयोजन स्थल की भौगोलिक स्थिति के अनुसार मैदान तैयार किया जाता है, जो प्रशासन, नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और करीब 50 तकनीकी अधिकारियों की मदद से संभव हो पाता है। कार्यक्रम के अनुसार 22 अगस्त को सुबह 6 बजे मिनी और सब जूनियर (बालक-बालिकाओं) की एक्वाथलॉन होगी। 23 अगस्त को सुबह 6 बजे जूनियर वर्ग की एक्वाथलॉन प्रतियोगिता होगी। इसके बाद 24 अगस्त को सुबह 5.30 बजे से जूनियर और सीनियर महिला-पुरुष वर्ग की ट्रायथलॉन इवेंट होगी। इसी दिन समापन और पुरस्कार वितरण समारोह भी होगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष, आयोजन सचिव हरीश शुक्ला, संघ के अध्यक्ष श्रीकांत तिवारी, सचिव जे.पी. सक्सेना और तकनीकी प्रभारी ओ.पी. अवस्थी के नेतृत्व में प्रतियोगिता संपन्न होगी।


