NST NEWS भोपाल। यूथ स्पोर्ट्स कराते-डो एसोसिएशन मध्य प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित 34वीं सेंट्रल इंडिया कराते प्रतियोगिता का आयोजन भोपाल में जारी है। रेलवे इंस्टीट्यूट के बैडमिंटन हॉल में चल रही इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश सहित राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ी लगातार दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन कल फाइनल मुकाबलों के साथ होगा। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों और स्पर्धाओं में अपनी तकनीक, ताकत और अनुशासन का प्रदर्शन किया। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिल रहा है और मुकाबलों में कड़ी प्रतिस्पर्धा बनी हुई है। आयोजकों के अनुसार इस प्रतियोगिता का उद्देश्य उभरते हुए खिलाड़ियों को मंच देना और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करना है।
कार्यक्रम में विभिन्न तकनीकी और रेफरी पैनल द्वारा मुकाबलों का संचालन किया जा रहा है। ग्रैंड मास्टर शौके सईद शेख मुख्य रेफरी की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि अनुभवी रेफरियों की टीम निष्पक्ष और सुचारु संचालन सुनिश्चित कर रही है। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मुकाबलों के आधार पर खिलाड़ियों का चयन आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी किया जाएगा।


