ओमान के 43 साल के बल्लेबाज ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड, सूर्यकुमार यादव भी शामिल

0

नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 16वें मैच में ओमान को श्रीलंका के खिलाफ शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा, जब पूरी टीम 226 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 9 विकेट पर केवल 120 रन ही बना सकी। ओमान के लिए सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों में से एक, मोहम्मद नदीम ने 56 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए। इस पारी के साथ नदीम टी20 वर्ल्ड कप में फिफ्टी प्लस रन बनाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। हालांकि, इस मैच में उन्होंने 52 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो टी20 वर्ल्ड कप में सबसे धीमी फिफ्टी का रिकॉर्ड है और उन्होंने पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान की बराबरी की। इस शर्मनाक रिकॉर्ड की सूची में भारत के मौजूदा टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का नाम भी शामिल है।

टी20 वर्ल्ड कप में सबसे वरिष्ठ फिफ्टी निर्माता

टी20 वर्ल्ड कप में फिफ्टी प्लस रन बनाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी अब मोहम्मद नदीम बन चुके हैं। उन्होंने 43 साल 161 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की। उनसे पहले इस लिस्ट में श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज सनथ जयसूर्या टॉप पर थे। जयसूर्या ने 2009 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ 39 साल और 345 दिन की उम्र में पचासा जड़ा था।

टी20 वर्ल्ड कप में सबसे धीमी फिफ्टी

52 गेंद: मोहम्मद रिजवान (पाकिस्तान) बनाम कनाडा, न्यूयॉर्क, 2024
52 गेंद: मोहम्मद नदीम (ओमान) बनाम श्रीलंका, पल्लेकेले, 2026*
50 गेंद: डेविड मिलर (साउथ अफ्रीका) बनाम नीदरलैंड, न्यूयॉर्क, 2024
49 गेंद: डेवोन स्मिथ (वेस्टइंडीज) बनाम बांग्लादेश, जोहान्सबर्ग, 2007
49 गेंद: डेविड हसी (ऑस्ट्रेलिया) बनाम इंग्लैंड, ब्रिजटाउन, 2010
49 गेंद: सूर्यकुमार यादव (भारत) बनाम अमेरिका, न्यूयॉर्क, 2024

ओमान ने गंवाई लगातार दूसरी मैच

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ओमान को लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी है। पहले मैच में ओमान की टीम को जिम्बाब्वे ने हराया था, और अब दूसरे मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ टीम को 105 रन से करारी शिकस्त मिली। लगातार दो हार के बाद ग्रुप बी से ओमान के लिए सुपर 8 में जगह बनाना मुश्किल नजर आ रहा है। इस ग्रुप में श्रीलंका शीर्ष स्थान पर है, जबकि ऑस्ट्रेलिया दूसरे नंबर पर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here