नई दिल्ली: मंगलवार (12 अगस्त) को त्रिनिदाद के ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीन मैचों की सीरीज के निर्णायक मुकाबले में पाकिस्तान को वेस्टइंडीज ने 202 रनों से करारी शिकस्त दी। यह पाकिस्तान की वनडे इतिहास में सबसे बड़ी हार रही। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने 34 साल बाद पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज अपने नाम की। इससे पहले 1992 में कैरेबियाई टीम ने पाकिस्तान में खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-0 से जीती थी।
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप के वनडे करियर के 18वें शतक और जायडन सील्स की घातक गेंदबाजी (6 विकेट) की बदौलत मेजबान टीम ने पाकिस्तान को 2-1 से सीरीज में मात दी। 295 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही, जहां शीर्ष चार में से तीन बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। सील्स के कहर के आगे पूरी पाकिस्तानी टीम मात्र 92 रनों पर सिमट गई। यह पाकिस्तान की वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले 50 वर्षों में सबसे बड़ी हार रही।
पांच पाकिस्तानी बल्लेबाज खाता नहीं खोल सके
वनडे इतिहास में यह चौथा मौका था जब पाकिस्तान के पांच बल्लेबाज खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। ओपनर सैम अयूब और अब्दुल्ला शफीक, कप्तान मोहम्मद रिजवान, हसन अली और अबरार अहमद शून्य पर आउट हुए। टीम के लिए सलमान आगा ने सर्वाधिक 30 रन बनाए, जबकि मोहम्मद नवाज ने 23 रन का योगदान दिया। बाबर आजम 9, नसीम शाह 6 और हुसैन तलत 1 रन बनाकर आउट हुए। गेंदबाजी में जायडन सील्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 रन देकर 6 विकेट चटकाए, जबकि गुणाकेश मोती को 2 और रस्टन चेस को 1 सफलता मिली।
लगातार चौथी वनडे सीरीज पर वेस्टइंडीज का कब्जा
वेस्टइंडीज ने घरेलू सरजमीं पर लगातार चौथी वनडे सीरीज जीतकर एक खास उपलब्धि अपने नाम की। पिछले साल उन्होंने बांग्लादेश को हराया था, जबकि 2023 और 2024 में इंग्लैंड को मात दी। इससे पहले वेस्टइंडीज ने केवल एक बार ही घरेलू मैदान पर लगातार चार या उससे अधिक द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीती थी, जब 1981 से 1990 के बीच उन्होंने लगातार नौ सीरीज पर कब्जा जमाया था।

