NST NEWS, भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू) भोपाल के टैगोर फुटबॉल क्लब एवं इंडिया रश एससी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 6 दिवसीय हाई परफॉर्मेंस समर कैंप 2026 का सफल समापन हुआ। शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आए 28 युवा फुटबॉल खिलाड़ियों ने भाग लेकर आधुनिक फुटबॉल तकनीक, खेल रणनीति, फिटनेस और मानसिक मजबूती से जुड़ा विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कैंप के दौरान खिलाड़ी विश्वविद्यालय परिसर में रहकर सुबह से रात तक प्रशिक्षण सत्रों में शामिल हुए। इंडिया रश एससी के डायरेक्टर एवं प्रशिक्षक जॉर्ज लॉरेंस ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल तकनीकों से अवगत कराया तथा उनके शारीरिक एवं तकनीकी विकास पर विशेष ध्यान दिया।
समापन समारोह में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रो चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, वाइस चांसलर डॉ. रवि प्रकाश दुबे, रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी, डायरेक्टर आईक्यूएसी डॉ. नितिन वत्स सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, खेल प्रेमी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन की प्रतिबद्धता जताई। यह कैंप युवा खिलाड़ियों के लिए खेल कौशल निखारने के साथ राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण माहौल का अनुभव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।


