9 टेस्ट, एक लक्ष्य—WTC फाइनल; जानिए भारत को क्या करना होगा?

0

नई दिल्ली : विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 में भारतीय टीम का अब तक का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। मौजूदा अंकतालिका में टीम इंडिया फिलहाल पांचवें स्थान पर है। अब उसकी अगली चुनौती 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज होगी, जो फाइनल की दौड़ के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।

हालांकि भारत के सामने आगे का सफर आसान नहीं है। श्रीलंका के बाद भी उसे कई मजबूत टीमों के खिलाफ टेस्ट मुकाबले खेलने हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि टीम इंडिया आखिर किन समीकरणों के साथ WTC 2025-27 के फाइनल में तीसरी बार जगह बना सकती है? आने वाले हर टेस्ट का परिणाम भारत की फाइनल की उम्मीदों पर सीधा असर डालेगा।

भारतीय टीम के सामने इस WTC चक्र में अभी कुल नौ टेस्ट मैच बाकी हैं। श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के बाद टीम इंडिया अक्टूबर-नवंबर में न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी, जहां उसे दो और टेस्ट खेलने हैं। इसके बाद घरेलू सरज़मीं पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेली जाएगी, जो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंकतालिका के लिहाज से सबसे निर्णायक सीरीज साबित हो सकती है।

भारत के लिए इन सभी मुकाबलों का महत्व बेहद अधिक है, क्योंकि प्रत्येक जीत उसकी फाइनल की राह को मजबूत करेगी, जबकि हार या ड्रॉ उसे अंकतालिका में पीछे धकेल सकते हैं। ऐसे में अब नजर इस बात पर रहेगी कि टीम इंडिया इन नौ टेस्ट मैचों में कैसा प्रदर्शन करती है और WTC फाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति किस तरह मजबूत बनाती है। अब समझते हैं पूरा समीकरण।

भारत कैसे बनाएगा WTC फाइनल में जगह? समझिए पूरा गणित

भारतीय टीम ने 2021 और 2023 में WTC फाइनल खेला था। दुर्भाग्यवश अभी तक टीम इंडिया एक बार भी आईसीसी का यह टाइटल अपने नाम नहीं कर पाई है। 2021 में न्यूजीलैंड, 2023 में ऑस्ट्रेलिया और फिर 2025 में साउथ अफ्रीका ने इसे जीता था। यानी भारत तीसरी बार फाइनल में कैसे पहुंच सकता है और क्या समीकरण हैं यह जानना बेहद जरूरी है।

भारत ने अभी तक मौजूदा साइकिल में 9 मैच खेले हैं और 4 में उसे जीत मिली है और 4 में हार का सामना करना पड़ा है। जबकि एक मुकाबला भारतीय टीम का ड्रॉ पर समाप्त हुआ है। WTC की अंकतालिका में पर्सेंटाइल से रैंकिंग तय होती है। भारत अभी पांचवें नंबर पर है और उसका पर्सेंटाइल 48.15 है। जबकि उससे ऊपर नंबर 4 पर बांग्लादेश (58.33), नंबर 3 पर न्यूजीलैंड (72.22), नंबर 2 पर साउथ अफ्रीका (75.00) और नंबर 1 पर ऑस्ट्रेलिया (87.50) हैं।

9 टेस्ट, 7 जीत जरूरी; तभी तीसरी बार WTC फाइनल खेलेगा भारत

मौजूदा अंकतालिका और बाकी मुकाबलों को देखते हुए भारतीय टीम को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के फाइनल की दौड़ में मजबूती से बने रहने के लिए अपने शेष 9 टेस्ट मैचों में कम से कम 7 जीत दर्ज करनी होंगी। हालांकि सिर्फ इतना करना ही काफी नहीं होगा। यदि भारत 7 मुकाबले जीत भी लेता है, तब भी उसकी फाइनल की राह कुछ हद तक दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसी प्रतिद्वंद्वी टीमों के प्रदर्शन पर निर्भर करेगी।

यानी टीम इंडिया को अपनी जीत के साथ-साथ अन्य शीर्ष टीमों के परिणाम भी अपने पक्ष में जाने की उम्मीद करनी होगी, तभी तीसरी बार WTC फाइनल का टिकट पक्का हो सकेगा। 7 से कम मैच जीतने पर भी भारतीय टीम का हाल कुछ ऐसा ही होगा और उसे अन्य टीमों पर निर्भर रहना पड़ेगा। वहीं अगर भारत ने 8 या 9 मैच जीते तो टीम सुरक्षित होकर आराम से फाइनल में जगह बना लेगी। मगर यह आसान नहीं है। क्योंकि अगले 4 मैच विदेशी सरजमीं पर हैं और आखिरी 5 मैच नंबर 1 टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने हैं।

कितने पर्सेंटाइल तक पहुंच सकता भारत?
  • 7 जीत: भारत का पर्सेंटाइल 62.96 तक जा सकता है। ऐसे में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के पर्सेंटाइल का गिरना भी जरूरी होगा।
  • 8 या 9 जीत: अगर भारत ने 8 मैच जीते तो पर्सेंटाइल 68.52 या 9 जीतने पर 70 तक भी जा सकता है। ऐसे में भारत को सीधे फाइनल में एंट्री मिल सकती है।
WTC 2025-27 की मौजूदा अंकतालिका
रैंक टीम मैच जीत हार टाई ड्रॉ बेनतीजा अंक जीत प्रतिशत
1 ऑस्ट्रेलिया 8 7 1 0 0 0 84 87.50
2 दक्षिण अफ्रीका 4 3 1 0 0 0 36 75.00
3 न्यूजीलैंड 6 4 1 0 1 0 52 72.22
4 बांग्लादेश 4 2 1 0 1 0 28 58.33
5 भारत 9 4 4 0 1 0 52 48.15
6 श्रीलंका 4 1 1 0 2 0 20 41.67
7 इंग्लैंड 13 4 8 0 1 0 38 24.36
8 पाकिस्तान 6 2 4 0 0 0 16 22.22
9 वेस्टइंडीज 12 2 8 0 2 0 30 20.83

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here