नई दिल्ली: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच रांची में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में दर्शकों को रोमांच से भरपूर क्रिकेट देखने को मिला। टीम इंडिया ने 17 रन से जीत दर्ज करते हुए तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली। हालांकि साउथ अफ्रीका ने भी मुकाबले में दमदार खेल दिखाया और आखिरी तक संघर्ष जारी रखा। भारत द्वारा दिए गए 350 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए अफ्रीकी टीम 332 रन ही बना सकी, परंतु उनकी जुझारू बल्लेबाजी ने मैच को आखिरी ओवर तक जीवंत बनाए रखा।
भारत के लिए विराट कोहली ने शतक जड़ा। उसके बाद गेंदबाजी में कुलदीप यादव और हर्षित राणा का कमाल देखने को मिला। शुरुआत में साउथ अफ्रीका का स्कोर 11 रन पर तीन विकेट था। उसके बाद टीम ने शानदार वापसी की। आइए जानते हैं 10 पॉइंट्स में इस मैच का पूरा हाल:-
रांची वनडे का पूरा सारांश: भारत की रोमांचक जीत और 681 रन की बारिश
साउथ अफ्रीका ने रांची वनडे में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिससे भारतीय टीम को लगातार 19वां टॉस हारना पड़ा। मेहमान टीम के लिए टेम्बा बावुमा इस मैच में नहीं खेल सके, इसलिए एडेन मार्कराम ने कप्तानी की। वहीं, भारतीय टीम की कमान केएल राहुल के हाथों में थी।
भारतीय टीम के लिए यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा ने पारी की शुरुआत की। ओपनिंग साझेदारी 25 रन की हुई और यशस्वी जायसवाल 18 रन पर आउट हो गए। रोहित शर्मा ने 57 रन की पारी खेली।
रोहित शर्मा ने इस मुकाबले में वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा 352 छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाकर शाहिद अफरीदी को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए विराट कोहली के साथ 136 रनों की शानदार साझेदारी निभाई। रोहित ने अपनी पारी में 51 गेंदों का सामना करते हुए 57 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल थे
विराट कोहली ने इस मैच में 120 गेंदों पर 135 रन की शानदार पारी खेली। यह उनका वनडे करियर का 52वां शतक और इंटरनेशनल क्रिकेट में 83वां शतक रहा। इस दौरान कोहली ने सचिन तेंदुलकर का एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। गौरतलब है कि सचिन ने टेस्ट क्रिकेट में 51 शतक बनाए थे।
ऋतुराज गायकवाड़ 8 और वाशिंगटन सुंदर ने 13 रन बनाकर निराश किया। अंत में कप्तान केएल राहुल के 60 रन और रविंद्र जडेजा की 20 गेंद पर 32 रन की पारी से भारत ने 8 विकेट खोकर 349 रन पहली पारी में बनाए।
350 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका को हर्षित राणा ने एक ओवर में दो झटके दिए। उन्होंने क्विंटन डी कॉक और रियान रिकल्टन को डक पर आउट कर दिया। अर्शदीप ने एडेन मार्कराम को आउट किया और स्कोर हो गया 11 पर 3 विकेट।
इसके बाद मैथ्यू ब्रीट्जके (72) और टोनी डी जोर्जी (39) ने 66 रन की साझेदारी की और स्कोर आगे बढ़ाया। कुलदीप ने सफल डीआरएस से जोर्जी को आउट किया। फिर डेवाल्ड ब्रेविस आए और तेज पारी उन्होंने खेली।
डेवाल्ड ब्रेविस हर्षित राणा का तीसरा शिकार बने और 28 गेंद पर उन्होंने 37 रन बनाए। फिर मार्को यानसेन ने सांसे बढ़ाई और 39 गेंद पर 70 रन बना दिए। लेकिन कुलदीप ने 32वें ओवर में मैच पलटा और यानसेन व ब्रीट्जके दोनों को आउट कर दिया।
आखिरी तक साउथ अफ्रीका ने मुकाबला रोचक बनाए रखा, जिसमें कॉर्बिन बॉश ने 67 रन की पारी खेली, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। भारतीय टीम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका को 49.2 ओवर में 332 रनों पर समेट दिया और मैच जीत लिया। इस दौरान कुलदीप यादव ने 4, हर्षित राणा ने 3, अर्शदीप सिंह ने 2 और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1 विकेट अपने नाम किया।
विराट कोहली को रांची वनडे में 135 रनों की शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टीम इंडिया ने इस जीत के साथ तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का दूसरा मुकाबला 3 दिसंबर, बुधवार को रायपुर में खेला जाएगा।